पश्चिम बंगाल : ट्रेन की चपेट में आने से महिला और बच्चे समेत तीन की मौत

कोलकाता: उत्तर 24 परगना जिले के श्यामनगर रेलवे स्टेशन पर शनिवार रात एक दर्दनाक हादसा हुआ। ट्रेन की चपेट में आने से एक बच्चा, उसकी मां और एक स्थानीय फल विक्रेता की मौत हो गई। घटना के समय लेवल क्रॉसिंग गेट समय पर नहीं खुलने के कारण एम्बुलेंस भी मौके पर नहीं पहुंच सकी।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, महिला अपने बच्चे के साथ रेलवे लाइन पार कर रही थी कि बच्चा उसकी गोद से तीन नंबर रेलवे ट्रैक पर गिर गया। जैसे ही महिला बच्चे को उठाने गई, उसी समय गौड़ एक्सप्रेस ट्रेन उसी ट्रैक पर आ गई। हादसे को देख स्टेशन पर मौजूद फल विक्रेता भी मदद के लिए दौड़ा, लेकिन तीनों को ट्रेन ने टक्कर मार दी और वे ट्रैक से नीचे गिर गए।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि लेवल क्रॉसिंग गेट समय पर नहीं खुला और इस वजह से एम्बुलेंस तुरंत मौके पर नहीं पहुंच सकी। घायलों को कुछ दूरी तक ले जाया गया और फिर अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। इस घटना के विरोध में स्थानीय लोगों ने कुछ समय के लिए जाम भी लगा दिया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.
Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.