
देश में मौसम एक बार फिर तेजी से बदलता नजर आ रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बन रही हैं और अगले दो से तीन दिनों के भीतर इसके केरल पहुंचने की संभावना जताई गई है। वहीं दूसरी ओर उत्तर भारत में मिली अस्थायी राहत अब खत्म होती दिख रही है और आने वाले दिनों में तेज गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है।
IMD ने तमिलनाडु के पश्चिमी और दक्षिणी हिस्सों के 15 से अधिक जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इनमें नीलगिरी, कोयंबटूर, थेनी, तिरुपुर, डिंडीगुल, तेनकासी, तिरुनेलवेली, कन्याकुमारी, इरोड, नमक्कल, सलेम, धर्मपुरी, कृष्णागिरी, तिरुपत्तूर, वेल्लोर, तिरुवन्नामलाई, रानीपेट और मदुरै शामिल हैं। इन इलाकों में 7 जून तक बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।
इसके उलट उत्तर तटीय तमिलनाडु, खासकर चेन्नई में, गर्मी और उमस का असर तेज बना हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक तापमान और नमी के मेल से लू जैसी स्थिति बन रही है, जिससे लोगों को काफी परेशानी हो रही है। कई स्थानों पर अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है।
उत्तर प्रदेश में सोमवार को मौसम ने कुछ राहत दी, जहां कई जिलों में आंधी और बारिश दर्ज की गई। लखनऊ सहित पश्चिमी यूपी में दिनभर बादल छाए रहे, जबकि बुंदेलखंड के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई।
आंकड़ों के अनुसार सुल्तानपुर में 14.8 मिमी, फतेहपुर में 7.3 मिमी, अमेठी में 6.6 मिमी, आजमगढ़ में 3.8 मिमी, हरदोई में 1.6 मिमी और झांसी में 1.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। हालांकि फर्रुखाबाद 42 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा।
मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ अब कमजोर पड़ रहा है, जिसके चलते मंगलवार से तापमान में तेजी से बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। अगले दो से तीन दिनों में पारा 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक चढ़ सकता है।
मध्य भारत—जैसे मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के कुछ क्षेत्रों में तेज हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना बनी हुई है। राजस्थान और गुजरात में भी कुछ जगहों पर आंधी-बारिश के आसार हैं।
पहाड़ी राज्यों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है, जबकि पूर्वोत्तर भारत में 6 और 7 जून को भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
Join the conversation — your email will not be published.
Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.