
उत्तर प्रदेश के वृंदावन में शुक्रवार दोपहर केसी घाट पर एक दर्दनाक हादसा हो गया। श्रद्धालुओं से भरी एक नाव पंटून पुल से टकराने के बाद यमुना नदी में पलट गई, जिससे अफरा-तफरी मच गई। घटना के तुरंत बाद पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। गोताखोरों को भी नदी में उतारकर लापता लोगों की तलाश की जा रही है।
जानकारी के अनुसार नाव में लगभग 25 श्रद्धालु सवार थे, जो नदी में डूब गए। बचाव दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिनमें से एक को इलाज के लिए संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। इस हादसे में अब तक 10 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जिसकी जानकारी डीआईजी शैलेश कुमार पांडे ने दी।
घटना के बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस बल ने तुरंत मोर्चा संभाल लिया। लगातार चल रहे बचाव कार्य के बीच घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे राहत कार्यों में कुछ दिक्कतें भी आईं। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और टीमों को सहयोग देने की अपील की है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह श्रद्धालुओं का समूह पंजाब के लुधियाना और अन्य क्षेत्रों से आया था। कुल मिलाकर करीब 150 लोगों का दल यहां पहुंचा था। बताया जा रहा है कि जिस नाव में हादसा हुआ वह निजी नाविक की थी और हादसे के बाद दूसरी नाव की तलाश भी की जा रही है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर संदेश जारी करते हुए कहा कि मथुरा में हुआ यह हादसा अत्यंत पीड़ादायक है। उन्होंने अधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत कार्य तेज करने और घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं। साथ ही उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
Join the conversation — your email will not be published.
Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.