
उत्तरकाशी: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चिन्यालीसौड़ में आयोजित कार्यक्रम के बाद बड़ेथी में भाजपा बूथ अध्यक्ष उत्तम सिंह रावत की बेटी के विवाह समारोह में हिस्सा लिया और दुल्हन एवं उसके परिवार को अपनी शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर उपस्थित लोगों ने मुख्यमंत्री को देखकर उत्साह व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने चिन्यालीसौड़ विकासखंड मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में स्थानीय लोगों से मुलाकात की। इस दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में महिला रोग विशेषज्ञ और अल्ट्रासाउंड जैसी सुविधाओं के उच्चीकरण की मांग उठाई गई। सीएम धामी ने आश्वस्त किया कि अस्पताल के उन्नयन की योजना उनकी घोषणाओं में शामिल है। उन्होंने यह भी बताया कि राजकीय महाविद्यालय का उच्चीकरण भी किया जाएगा।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने सड़कों की मरम्मत, टिहरी झील क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा और जीतू बगड़वाल के नाम पर गांव के नामकरण जैसी मांगें भी रखीं। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार के “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के तहत अब तक 600 से अधिक शिविर आयोजित किए जा चुके हैं। इन शिविरों में पांच लाख से अधिक लोगों ने भाग लिया और 40 हजार से अधिक लोगों को सीधे लाभ मिला।
सीएम ने कहा कि सरकार की कोशिश है कि दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को छोटी समस्याओं के लिए जिला मुख्यालय तक न जाना पड़े। इसी उद्देश्य से गांव-गांव में शिविर लगाए जा रहे हैं, जहां मौके पर ही समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस पहल से आमजन को राहत मिली है और प्रशासनिक व्यवस्था अधिक सुलभ एवं पारदर्शी बनी है।
धामी ने कहा कि अप्रैल से चारधाम यात्रा शुरू होगी और इसके लिए सरकार ने तैयारी पहले ही शुरू कर दी है। उन्होंने यह भी बताया कि यात्रा संचालन में मुख्य भूमिका स्थानीय हितधारकों, तीर्थ पुरोहितों, होटल और टैक्सी संचालकों की होगी, जबकि सरकार समन्वयक के रूप में काम करेगी। सीएम ने जोर देकर कहा कि इस पहल से सनातन धर्म और उत्तराखंड की धार्मिक पहचान पूरी दुनिया में प्रचारित होगी।
Join the conversation — your email will not be published.
Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.