
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) ने सोमवार को अगस्त से दिसंबर तक आयोजित होने वाली भर्ती परीक्षाओं और इंटरव्यू का कार्यक्रम जारी कर दिया है। आयोग के जारी कार्यक्रम के अनुसार प्रारंभिक अहर्ता परीक्षा (पीईटी) 2026 का आयोजन अक्टूबर में प्रस्तावित किया गया है। हाल ही में आयोग ने पीईटी का कार्यक्रम जारी किया था, जिसके लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
आयोग के अनुसार आबकारी सिपाही की लिखित परीक्षा 20 सितंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित की जाएगी। इसी दिन आयुर्वेदिक फार्मासिस्ट की लिखित परीक्षा दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक प्रस्तावित है।
इसके अलावा प्राविधिक सहायक ग्रुप-सी की लिखित परीक्षा 9 अगस्त को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और सम्मिलित अवर अधीनस्थ सेवा (स्नातक स्तरीय) की लिखित परीक्षा 23 अगस्त को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक प्रस्तावित की गई है।
आयोग के परीक्षा नियंत्रक सुभाष प्रजापति ने बताया कि अनुदेशक फिटर, अनुदेशक ड्राफ्ट्समैन और अनुदेशक इंफार्मेशन टेक्नोलॉजी एंड इलेक्ट्रॉनिक्स सिस्टम मेंटिनेंस के साक्षात्कार अगस्त महीने में आयोजित किए जाएंगे। वहीं आशुलिपिक भर्ती की हिंदी आशुलेखन और टंकण परीक्षा 1 सितंबर से शुरू होगी।
उन्होंने बताया कि वन रक्षक और वन्य जीव रक्षक भर्ती की लिखित परीक्षा 27 सितंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक प्रस्तावित है। वहीं विधि विज्ञान प्रयोगशाला संयुक्त संवर्ग की लिखित परीक्षा इसी दिन दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की जाएगी।
इसके अलावा अनुदेशक मैकेनिक और अनुदेशक टर्नर के साक्षात्कार सितंबर में, जबकि अनुदेशक मशीनिष्ठ के साक्षात्कार अक्टूबर में प्रस्तावित किए गए हैं।
आयोग के कार्यक्रम के अनुसार प्लाटून कमांडर और ब्लॉक ऑर्गेनाइजर की लिखित परीक्षा 22 नवंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगी। इसी दिन हवलदार प्रशिक्षक की लिखित परीक्षा दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक प्रस्तावित है।
Join the conversation — your email will not be published.
Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.