
लखनऊ। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड (UPSESSB) ने पीजीटी परीक्षा 2026 को लेकर महत्वपूर्ण अपडेट जारी किया है। बोर्ड ने 30 अप्रैल 2026 को पोस्ट ग्रेजुएट टीचर (PGT) भर्ती परीक्षा की एग्जाम सिटी इंटिमेशन स्लिप आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दी है।
जिन अभ्यर्थियों ने इस भर्ती के लिए आवेदन किया है, वे upessc.up.gov.in पर जाकर अपने रजिस्ट्रेशन नंबर और जन्मतिथि की मदद से परीक्षा शहर की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार यूपी पीजीटी परीक्षा 9 और 10 मई 2026 को आयोजित की जाएगी। परीक्षा दोनों दिनों में दो शिफ्टों में कराई जाएगी—पहली शिफ्ट सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक और दूसरी शिफ्ट दोपहर 2:30 बजे से 4:30 बजे तक।
इस भर्ती प्रक्रिया के तहत कुल 624 प्रवक्ता पद भरे जाएंगे, जो विज्ञापन संख्या 02/2022 के अंतर्गत निकाले गए थे। इस परीक्षा में लगभग 4.64 लाख (4,64,605) उम्मीदवारों के शामिल होने की संभावना है। परीक्षा के लिए प्रदेश के 17 जिलों में करीब 319 केंद्र बनाए गए हैं।
इन जिलों में लखनऊ, प्रयागराज, कानपुर नगर, वाराणसी, आगरा, मेरठ, गोरखपुर, बरेली, अलीगढ़, झांसी, मुरादाबाद, सहारनपुर, अयोध्या, आजमगढ़, बस्ती, बांदा और मिर्जापुर शामिल हैं।
एग्जाम सिटी स्लिप में उम्मीदवारों को परीक्षा शहर, तारीख और शिफ्ट से जुड़ी जानकारी मिलती है। यह एडमिट कार्ड नहीं होता, लेकिन इससे अभ्यर्थी पहले से यात्रा और ठहरने की योजना बना सकते हैं, खासकर तब जब परीक्षा केंद्र उनके शहर से बाहर हो।
बोर्ड जल्द ही एडमिट कार्ड भी जारी करेगा, जिसमें परीक्षा केंद्र का पूरा पता और महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश शामिल होंगे। यह दस्तावेज परीक्षा के दिन अनिवार्य होगा।
Join the conversation — your email will not be published.
Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.