
पश्चिम एशिया में बढ़ते संघर्ष के बीच सऊदी अरब से चिंता बढ़ाने वाली खबर आई है। यहां सरकारी अधिकारियों ने बताया कि सीमा क्षेत्र के पास एक सैन्य प्रोजेक्टाइल (गोला) गिरने से एक भारतीय और एक बांग्लादेशी नागरिक की मौके पर मौत हो गई। यह घटना उस समय हुई जब गोला किसी सैन्य परियोजना के पास गिरा।
सऊदी अरब में भारतीय राजदूत सुहेल एजाज खान ने घटना के बाद भारतीय समुदाय को भरोसा दिलाया कि सरकार उनकी हर संभव मदद के लिए तत्पर है। रविवार को राजदूत ने भारतीय नागरिकों के प्रतिनिधियों के साथ वर्चुअल बैठक की और स्थिति की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि किसी भी नागरिक को परेशानी होने पर दूतावास तुरंत सहायता उपलब्ध कराएगा।
इस बैठक में उप मिशन प्रमुख अबू माथेन जॉर्ज और सामुदायिक कल्याण काउंसलर वाई साबिर भी मौजूद थे। दूतावास ने यह भी बताया कि आपातकालीन स्थिति के लिए 24 घंटे काम करने वाला कंट्रोल रूम तैयार किया गया है।
दूतावास ने भारतीय नागरिकों से अपील की है कि वे स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें और सतर्क रहें। वहीं, रियाद, जेद्दा और दम्मम से भारत के लिए उड़ानें सामान्य रूप से चल रही हैं। जो नागरिक भारत लौटना चाहते हैं, वे इन फ्लाइट्स का इस्तेमाल कर सकते हैं।
इसके अलावा, दोहा में कुछ भारतीय नागरिक उड़ानों के रद्द होने के कारण फंसे हुए हैं। दूतावास ने उनसे अपनी जानकारी साझा करने का अनुरोध किया है, ताकि उनकी मदद के लिए आवश्यक कदम उठाए जा सकें।
पिछले नौ दिनों से पश्चिम एशिया में संघर्ष लगातार गंभीर होता जा रहा है। अमेरिका और इज़राइल के हमलों से मोर्चे पर आग और बढ़ी है, जबकि ईरान ने भी अपने पलटवार तेज कर दिए हैं। मिसाइल और ड्रोन हमलों के बीच यह संघर्ष अब नौवें दिन में प्रवेश कर चुका है और पूरे क्षेत्र में तनाव चरम पर है।
Join the conversation — your email will not be published.
Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.