
देहरादून। उत्तराखंड के युवाओं के लिए शिक्षा के क्षेत्र में बड़े अवसर खुलने वाले हैं। राज्य सरकार ने प्रदेश में उच्च शिक्षा के स्तर को और मजबूत बनाने के लिए दो नई यूनिवर्सिटी खोलने की तैयारियां शुरू कर दी हैं। इनमें से एक स्किल आधारित यूनिवर्सिटी होगी और दूसरी रेजिडेंशियल यूनिवर्सिटी, जो नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय विद्यालयों के छात्रों के लिए समर्पित होगी। सरकार का यह प्रस्ताव जल्द ही कैबिनेट में रखा जाएगा।
उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि स्किल यूनिवर्सिटी में 25 प्रोफेशनल कोर्स शुरू किए जाएंगे। इनको विशेष रूप से युवाओं की कौशल क्षमता बढ़ाने के लिए डिजाइन किया गया है। साथ ही, इन पाठ्यक्रमों की फीस प्राइवेट संस्थानों की तुलना में काफी कम रखी जाएगी, जिससे अधिक युवा इसका लाभ उठा सकेंगे।
प्रदेश में वर्तमान में उच्च शिक्षा का परिदृश्य मजबूत है। उत्तराखंड में पांच स्टेट यूनिवर्सिटी और उनसे संबद्ध 118 महाविद्यालय संचालित हो रहे हैं। इसके अलावा एक सेंट्रल यूनिवर्सिटी भी कार्यरत है। प्राइवेट क्षेत्र में 26 यूनिवर्सिटी, 244 प्राइवेट कॉलेज और 21 अशासकीय कॉलेज शिक्षा दे रहे हैं। साथ ही, तीन तकनीकी संस्थान और एक आयुर्वेद मेडिकल इंस्टिट्यूट भी राज्य में संचालित हैं।
इस नई पहल से राज्य का उच्च शिक्षा क्षेत्र और भी समृद्ध होगा और युवाओं को गुणवत्ता वाली शिक्षा के साथ-साथ करियर निर्माण के बेहतर अवसर मिलेंगे।
Join the conversation — your email will not be published.
Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.