
महाराष्ट्र के पालघर जिले में एक पटाखा निर्माण इकाई में हुए भीषण विस्फोट में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। धमाके के बाद कारखाने में आग लग गई, जिससे पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना वाडा तालुका के कोंसाई गांव में उस समय हुई जब एक पुराने फार्महाउस के भीतर टिन शेड में संचालित अस्थायी पटाखा इकाई में काम चल रहा था।
स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, घटना के समय यूनिट में करीब 35 मजदूर काम कर रहे थे, जिनमें बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल थीं।
बताया जा रहा है कि पटाखा निर्माण के दौरान रसायनों के मिश्रण की प्रक्रिया चल रही थी, तभी अचानक जोरदार धमाका हुआ। विस्फोट इतना भीषण था कि एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई और आग तेजी से पूरे ढांचे में फैल गई।
आग की चपेट में आने से कारखाना पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में चल रहे छोटे और अस्थायी पटाखा कारखानों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
Join the conversation — your email will not be published.
Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.