
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में टीवीके की बड़ी जीत के बाद राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। अभिनेता से नेता बने सी. जोसेफ विजय की पार्टी तमिलगा वेट्री कझगम (TVK) के नवनिर्वाचित विधायकों ने जनता के समर्थन के लिए आभार जताया है। चुनाव परिणाम आने के बाद पार्टी के शीर्ष नेता और विधायक चेन्नई में एकत्र हुए, जहां आगे की रणनीति को लेकर अहम बैठक जारी है।
टीवीके की इस जीत के बाद पार्टी नेतृत्व ने साफ किया है कि जनता से किए गए सभी वादों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा। इसके लिए चेन्नई के पनैयूर स्थित पार्टी मुख्यालय में नव-निर्वाचित विधायकों की बैठक चल रही है।
बड़ी संख्या में नेताओं के एक साथ पहुंचने के चलते सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है। पूरे परिसर में पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ भीड़ नियंत्रण के लिए बैरिकेडिंग की गई है।
अन्ना नगर सीट से जीतने वाले वीके रामकुमार ने इस परिणाम को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह जीत जनता के भरोसे का प्रतीक है। उन्होंने अपनी जीत को उन सभी मतदाताओं को समर्पित किया जिन्होंने पार्टी पर विश्वास जताया।
वहीं पोलुर से विजयी अभिषेक आर. ने कहा कि फिलहाल पार्टी के भीतर आगामी योजनाओं और कार्य दिशा को लेकर चर्चा जारी है।
कांचीपुरम से जीत दर्ज करने वाले टीवीके विधायक आर.वी. रंजीत कुमार ने पिछली सरकारों पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि राज्य लंबे समय से भ्रष्टाचार की समस्याओं से जूझ रहा है और बीते वर्षों में भारी कर्ज का बोझ बढ़ा है।
उन्होंने दावा किया कि इस व्यवस्था का फायदा कुछ ही लोगों को मिला, जबकि आम जनता पर आर्थिक दबाव बढ़ता गया।
आर.वी. रंजीत कुमार ने कहा कि टीवीके अध्यक्ष थलापति विजय ने भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है, जिसके चलते जनता ने उन्हें समर्थन दिया। उन्होंने इस जीत को तमिलनाडु की राजनीति में एक बड़ा बदलाव बताया।
साथ ही उन्होंने उम्मीद जताई कि नई सरकार जनता के हित में काम करेगी और केंद्र सरकार के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा टीवीके को दी गई बधाई से पार्टी कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ा है।
Join the conversation — your email will not be published.
Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.