
मुंबई: टेलीविजन अभिनेता रोहित चंदेल कानूनी विवाद में फंस गए हैं। मुंबई पुलिस ने उनके खिलाफ नाबालिग लड़की से कथित रूप से छेड़छाड़, पीछा करने, परेशान करने और मारपीट के आरोप में मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, 16 वर्षीय लड़की की शिकायत के आधार पर पंत नगर थाने में पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराएं भी जोड़ी गई हैं।
मोबाइल कॉल और पीछा करने का आरोप
पुलिस जांच में सामने आया है कि अभिनेता पर आरोप है कि वह कथित तौर पर अपने और अन्य मोबाइल नंबरों से नाबालिग को बार-बार कॉल कर परेशान कर रहे थे। शिकायत के अनुसार, 5 जुलाई को उन्होंने लड़की को उसकी बिल्डिंग के पास रोका, उसका पीछा किया और विवाद के दौरान कथित तौर पर गाली-गलौज व मारपीट की।
POCSO कोर्ट में पेशी, पुलिस हिरासत में भेजा गया
परिवार की शिकायत के बाद पुलिस ने शुक्रवार को रोहित चंदेल को दहिसर स्थित उनके आवास से गिरफ्तार किया। इसके बाद उन्हें विशेष POCSO अदालत में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उन्हें पुलिस हिरासत में भेज दिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी और पीड़िता एक-दूसरे को पहले से जानते थे। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
डिजिटल सबूतों की जांच कर रही पुलिस
मुंबई पुलिस आरोपी के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल्स और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रोहित चंदेल का टीवी करियर
29 वर्षीय रोहित चंदेल कई लोकप्रिय टीवी धारावाहिकों में काम कर चुके हैं। वह हाल में शो ‘सैरब’ में नजर आ रहे हैं। इससे पहले उन्होंने ‘काशीबाई बाजीराव बल्लाल’ में बाजीराव और ‘पंड्या स्टोर’ में धवल मकवाना का किरदार निभाया था।
Join the conversation — your email will not be published.
Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.