
मुंबई। महाराष्ट्र में बीजेपी नेता सुजय विखे पाटिल ने राज्य के दो कस्बों को जोड़ने वाले हाईवे के निर्माण कार्य में देरी और शराब की खपत बढ़ने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप को जिम्मेदार बताया है।
अहमदनगर के पूर्व सांसद सुजय विखे पाटिल ने ट्रंप की नीतियों को इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट के लिए जरूरी सामान की कमी से जोड़ते हुए अपनी बात रखी।
बीजेपी नेता ने कहा, "भगवान की कसम मैंने अपनी पूरी जिंदगी में ऐसा सनकी आदमी कभी नहीं देखा। सुबह वह कहता है कि रुक जाओ और शाम को फिर बम गिराने लगता है... हमारे लिए बेहतर यही है कि हम उस आदमी के चक्कर में न पड़ें।"
उन्होंने अहिल्यानगर-मनमाड रोड प्रोजेक्ट का जिक्र करते हुए कहा, "आज तार (कोलतार) न मिलने की वजह से ठेकेदार को इसे दिल्ली से गाड़ियों के जरिए लाना पड़ रहा है। लागत ढाई गुना बढ़ गई है और बढ़ी हुई लागत के लिए मंजूरी की भी जरूरत है। ये तकनीकी दिक्कतें हैं... जो परेशानियां आपको हो रही हैं, वही मुझे भी हो रही हैं।"
उन्होंने आगे कहा, "ट्रंप के कामों से पैदा हुई उलझन की वजह से कुछ लोगों के शराब पीने की मात्रा बढ़ गई है।"
दरअसल, अमेरिका-ईरान युद्ध ने ग्लोबल एनर्जी सप्लाई पर असर डाला है, क्योंकि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से सामान्य आवाजाही बंद हो गई है। हर जगह कच्चे तेल की कमी का असर पेट्रोलियम उत्पादों के उत्पादन पर पड़ा है। बिटुमेन, जिसका इस्तेमाल सड़क निर्माण में होता है, तेल रिफाइनिंग प्रक्रिया का ही एक बाई-प्रोडक्ट है।
महाराष्ट्र के मंत्री राधाकृष्ण विखे-पाटिल के बेटे सुजय विखे पाटिल ने कहा कि ट्रंप की नीतियों और महाराष्ट्र में सड़क निर्माण के काम में स्थानीय स्तर पर आ रही दिक्कतों के बीच यही कड़ी है।
Join the conversation — your email will not be published.
Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.