Naveen Jangid — 12 अगस्त 2026

Author: — KKT TIMES
वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप जब बच्चों के टीकाकरण से जुड़े एक महत्वपूर्ण आदेश पर हस्ताक्षर कर रहे थे, उस दौरान उनके पास खड़ी एक महिला इंटरनेट पर चर्चा का केंद्र बन गई।
इसकी वजह एक्स और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर चल रही कई तरह की बातें थीं। कुछ पोस्ट में दावा किया गया कि महिला ने अमेरिकी राष्ट्रपति को जगाने के लिए उन्हें इलेक्ट्रिक शॉक दिया था। महिला को लेकर बढ़ती चर्चा के बीच कई यूजर्स और न्यूज आउटलेट्स ने बताया कि वह कंजर्वेटिव मीडिया और लाइफस्टाइल ब्रांड द कंजर्वेटर की संस्थापक और सीईओ जेमी ली फ्रैंकलिन हैं।
फ्रैंकलिन उस समय हैरान रह गईं, जब उनके बारे में अजीबोगरीब थ्योरी सामने आने लगीं। इनमें कहा गया कि प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पेट पर हाथ रखना ट्रंप को जगाने के लिए किसी बटन को दबाने जैसा था। ऐसी ही एक पोस्ट को कोट-ट्वीट करते हुए उन्होंने जवाब दिया और बताया कि वह गर्भवती हैं।
वीडियो में फ्रैंकलिन सोमवार को ओवल ऑफिस में ट्रंप और हेल्थ एंड ह्यूमन सर्विसेज सेक्रेटरी रॉबर्ट एफ. कैनेडी जूनियर के बीच खड़ी नजर आ रही हैं। इस दौरान वह बार-बार सिर हिलाती और पेट पर हाथ रखती दिखाई देती हैं।
यह वीडियो उस समय बनाया गया था, जब ट्रंप बचपन के टीकाकरण से संबंधित सिफारिशों में बदलाव की मांग वाले एक कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर कर रहे थे। आदेश पर हस्ताक्षर करने के तुरंत बाद फ्रैंकलिन ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि ओवल ऑफिस में राष्ट्रपति ट्रंप के साथ शामिल होना उनके लिए सम्मान की बात है।
न्यूजवीक के अनुसार, जेमी ली फ्रैंकलिन नॉर्थ कैरोलिना की रहने वाली हैं और ट्रंप प्रशासन में काम कर चुकी हैं। उन्होंने 2020 में यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया, बर्कले से ग्रेजुएशन किया। वर्ष 2019 में वह अमेरिकी सीनेट में लेजिस्लेटिव इंटर्न थीं।
फ्रैंकलिन ने ट्रंप के 2020 के राष्ट्रपति चुनाव अभियान में गठबंधन समन्वयक के रूप में काम किया था। इसके बाद ट्रंप के पहले कार्यकाल के दौरान वह व्हाइट हाउस में कॉरेस्पोंडेंस डायरेक्टर भी बनीं।
उनका संगठन द कंजर्वेटर खुद को मीडिया और लाइफस्टाइल ब्रांड के तौर पर पेश करता है। यह राजनीति, संस्कृति, आस्था, फैशन, सुंदरता और नारीत्व के मेल पर काम करता है। संगठन मुख्य रूप से युवा कंजर्वेटिव ईसाई महिलाओं के लिए ओरिजिनल रिपोर्टिंग और कमेंट्री तैयार करता है।
Join the conversation — your email will not be published.
Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.