
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि ईरान उन्हें अपना सबसे बड़ा निशाना मानता है और उनकी हत्या की साजिश रच सकता है। उन्होंने दोहराया कि किसी भी कीमत पर ईरान को परमाणु हथियार हासिल नहीं करने दिए जाएंगे। साथ ही, ट्रंप ने ईरान के खिलाफ अमेरिका की सैन्य कार्रवाई को सही ठहराया।
नाटो शिखर सम्मेलन के बाद तुर्किये की राजधानी अंकारा में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि ईरान उन्हें निशाना बना सकता है। उन्होंने कहा कि वह इस तरह की धमकियों से पीछे हटने वाले नहीं हैं।
ट्रंप ने कहा, "मैं उनका पहला निशाना हूं। उनके पुराने नेता अब नहीं रहे और अब उनके पास नया नेतृत्व है। परिस्थितियां बदल सकती हैं, लेकिन मैं अब भी उनकी प्राथमिक सूची में हूं।"
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि मौजूदा तनाव दोबारा बड़े संघर्ष में बदलेगा। उनके मुताबिक हाल की घटनाओं के बाद स्थिति जल्द सामान्य हो सकती है।
उन्होंने कहा कि हालिया हमलों के जवाब में अमेरिका ने कड़ा सैन्य कदम उठाया था। उनका दावा था कि भविष्य में यदि कोई ऐसी स्थिति बनती भी है तो उसे तेजी से नियंत्रित कर लिया जाएगा, जिससे पूरे क्षेत्र की सुरक्षा और ऊर्जा आपूर्ति पर सकारात्मक असर पड़ेगा।
ट्रंप ने एक बार फिर साफ किया कि अमेरिका ईरान को परमाणु हथियार विकसित करने की अनुमति नहीं देगा। उन्होंने कहा कि ऐसे देश के हाथों में परमाणु हथियार नहीं होने चाहिए, जिसे अमेरिका अपनी सुरक्षा के लिए खतरा मानता है। ट्रंप के अनुसार, हालिया अमेरिकी कार्रवाई का उद्देश्य भी ईरान के परमाणु कार्यक्रम को रोकना था।
ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है जब ईरान के उप विदेश मंत्री ने कहा था कि तेहरान, ट्रंप से "उन्हीं की भाषा में" निपटेगा, क्योंकि वह ताकत की भाषा को ज्यादा समझते हैं।
गौरतलब है कि ट्रंप पहले भी कई बार यह दावा कर चुके हैं कि 2020 में अमेरिकी हमले में ईरानी कमांडर कासिम सुलेमानी की मौत के बाद से ईरान उनसे बदला लेने की कोशिश कर रहा है।
ट्रंप के ताजा बयान के बीच ईरान के सरकारी चैनल प्रेस टीवी ने एक सूत्र के हवाले से दावा किया है कि यदि ईरान पर फिर से सैन्य हमला किया जाता है तो तेहरान होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद करने जैसा बड़ा कदम उठा सकता है। इससे वैश्विक तेल आपूर्ति और अंतरराष्ट्रीय बाजारों पर व्यापक असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
Join the conversation — your email will not be published.
Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.