
मुजफ्फरनगर। जिले में लगातार हो रही ट्रांसफार्मर चोरी की घटनाओं पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश किया है। थाना तितावी पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो बदमाश पुलिस मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से घायल हो गए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को सूचना मिली थी कि ट्रांसफार्मर चोरी में शामिल आरोपी चोरी का सामान लेकर निकलने की फिराक में हैं।

सूचना के आधार पर पुलिस ने शनिवार देर रात गढ़ी देशराज कट के पास घेराबंदी कर चेकिंग शुरू की। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने भागने की कोशिश की और फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो आरोपी गोली लगने से घायल हो गए। सीओ फुगाना यतेंद्र सिंह नागर के अनुसार घायल आरोपियों की पहचान आदिल (निवासी न्याजूपुरा) और साकिब (निवासी सुजड़ू, वर्तमान निवासी निराना, थाना सिखेड़ा क्षेत्र) के रूप में हुई है।
दोनों को गिरफ्तार कर उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस ने मौके से आबिद, शहंशाह और बाबू को भी दबोच लिया है। सभी के पास से दो अवैध तमंचे (315 बोर), कारतूस, दो चाकू और दो मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं।
पुलिस का कहना है कि इन मोटरसाइकिलों का इस्तेमाल चोरी किए गए ट्रांसफार्मर और उनके पार्ट्स को ढोने में किया जाता था।
पूछताछ में आरोपियों ने थाना तितावी, छपार, मंसूरपुर और भोपा क्षेत्र में ट्रांसफार्मर चोरी की कई वारदातों में शामिल होने की बात स्वीकार की है। जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह दिन के समय रेकी करता था और रात में सुनसान इलाकों में लगे ट्रांसफार्मरों को निशाना बनाता था।
पुलिस अब इस गिरोह के आपराधिक इतिहास और इसके पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ में अन्य घटनाओं और सहयोगियों को लेकर महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है और फरार सदस्यों की तलाश भी की जा रही है।
Join the conversation — your email will not be published.
Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.