
मुजफ्फरनगर। व्यापारियों के अधिकारों और सम्मान को लेकर अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल ने बुधवार को क्षेत्रीय बैठक आयोजित की। सर्कुलर रोड स्थित एक होटल में हुई इस बैठक में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों से पहुंचे व्यापारियों ने अपनी समस्याओं और मांगों को प्रमुखता से उठाया।
बैठक में व्यापारियों ने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में उनकी भूमिका अहम है। जिस तरह सैनिक देश की सीमाओं की सुरक्षा करता है, उसी तरह व्यापारी आर्थिक व्यवस्था को संभालने का काम करता है, इसलिए व्यापारियों को भी उचित सम्मान और सुरक्षा मिलनी चाहिए।
कार्यक्रम का शुभारंभ संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप बंसल, प्रदेश अध्यक्ष रिपिन कंसल, वरिष्ठ प्रांतीय उपाध्यक्ष संजय मित्तल और महिला इकाई की प्रदेश अध्यक्ष अनीता जायसवाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप बंसल ने कहा कि व्यापारी सरकार के साथ सहयोग करते हुए देश के विकास में योगदान देता है, लेकिन भ्रष्ट अधिकारियों द्वारा उत्पीड़न किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने व्यापारियों से भ्रष्टाचार के खिलाफ एकजुट होकर आवाज उठाने की अपील की।
उन्होंने ऑनलाइन कारोबार के बढ़ते प्रभाव पर चिंता जताते हुए कहा कि ई-कॉमर्स कंपनियों पर अतिरिक्त टैक्स लगाया जाना चाहिए, जिससे छोटे और खुदरा व्यापारियों को प्रतिस्पर्धा में राहत मिल सके।
बैठक में व्यापारियों ने जीएसटी कानून को सरल बनाने, प्रोपराइटरशिप फर्मों में साझेदारी से जुड़ी जटिलताओं को दूर करने और दुकानों के स्वामित्व अधिकार देने जैसी मांगें भी रखीं।
वरिष्ठ प्रांतीय उपाध्यक्ष संजय मित्तल ने कहा कि हर बाजार में संगठन की मजबूत इकाई तैयार की जानी चाहिए, ताकि व्यापारियों की समस्याओं का समाधान सामूहिक रूप से कराया जा सके। उन्होंने व्यापारियों के लिए सरकारी कर्मचारियों की तर्ज पर 5 लाख रुपये तक की कैशलेस स्वास्थ्य बीमा योजना लागू करने की मांग भी उठाई।
बैठक में सहारनपुर, मेरठ, गाजियाबाद, बागपत, बिजनौर, मुरादाबाद, शामली, कांधला और बदायूं समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से व्यापारी प्रतिनिधि शामिल हुए।
इस दौरान व्यापारियों ने संगठन को और मजबूत करने तथा अपने मुद्दों को लेकर एकजुट होकर संघर्ष करने का संकल्प लिया। साथ ही सरकार के सामने व्यापार जगत से जुड़ी मांगों को प्रभावी तरीके से रखने की बात कही गई।
Join the conversation — your email will not be published.
Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.