
चंबा। हिमाचल प्रदेश के पर्यटन स्थल डल्हौजी में पंजपुला के पास एक वाहन अचानक सड़क में बेकाबू होकर पीछे हटने लगा, जिससे पर्यटकों में अफरा-तफरी मच गई। वाहन में सवार एक महिला पर्यटक ने जान बचाने के लिए सड़क पर छलांग लगा दी, जिससे उन्हें मामूली चोटें आईं।
खुशकिस्मती रही कि वाहन सड़क किनारे लगे पेड़ से अटक गया और खाई में गिरने से बच गया। हालांकि, वाहन से कुछ अन्य पर्यटक नीचे गिर गए। आसपास मौजूद लोग पर्यटकों की चीख-पुकार सुनकर तुरंत मौके पर पहुंचे और मदद की।
बताया जा रहा है कि वाहन को पंजपुला के पास पार्क किया गया था, लेकिन ड्राइवर के उतरते ही वाहन पीछे हटा। पर्यटकों के अनुसार वाहन की हैंडब्रेक सही से नहीं लगी थी। यदि वाहन पेड़ से नहीं रुकता, तो खाई में गिरने से जान-माल का बड़ा नुकसान हो सकता था।
यह घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसे बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किया गया।
Join the conversation — your email will not be published.
Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.