सुसाइड नोट में आया था नाम, अभिषेक बनर्जी के करीबी TMC नेता मोइदुल इस्लाम गिरफ्तार
कोलकाता। पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद पूर्ववर्ती तृणमूल कांग्रेस सरकार के कार्यकाल से जुड़े कथित वित्तीय अनियमितताओं, अवैध वसूली और आपराधिक मामलों की जांच तेज हो गई है। इसी क्रम में डायमंड हार्बर थाना पुलिस ने मंगलवार सुबह तृणमूल कांग्रेस के शिक्षक संगठन से जुड़े वरिष्ठ नेता मोइदुल इस्लाम को गिरफ्तार किया।
जानकारी के अनुसार, मोइदुल इस्लाम पहले माकपा से जुड़े रहे हैं और बाद में तृणमूल कांग्रेस में शामिल हुए थे। उन्हें डायमंड हार्बर के सांसद अभिषेक बनर्जी के करीबी और प्रभावशाली नेताओं में माना जाता रहा है। इससे पहले भी अभिषेक बनर्जी के कई करीबी सहयोगियों पर कार्रवाई हो चुकी है।
पुरानी मौत के मामले में गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार, यह गिरफ्तारी वर्ष 2022 में दक्षिण 24 परगना के बोलसिद्धि कालीनगर ग्राम पंचायत के उपप्रधान देवब्रत उर्फ निमाई भट्टाचार्य की संदिग्ध मौत से जुड़े मामले में की गई है। जांच के दौरान पुलिस को एक सुसाइड नोट मिला था, जिसमें मोइदुल इस्लाम का नाम सामने आया था।
इसी आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई गई और पूछताछ के लिए उन्हें हिरासत में लिया गया, जिसके बाद गिरफ्तारी की कार्रवाई की गई।
राजनीतिक हलचल तेज
गिरफ्तारी से एक दिन पहले ही मोइदुल इस्लाम ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा किया था, जिसमें उन्होंने दावा किया था कि स्पेशल टास्क फोर्स उनकी तलाश कर रही है। उन्होंने यह भी कहा था कि वे किसी भी परिस्थिति में पार्टी नेतृत्व और ममता बनर्जी के साथ खड़े रहेंगे।
फिलहाल पुलिस उनसे मामले से जुड़े सभी पहलुओं पर गहन पूछताछ कर रही है और पुराने केस की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.