
मेरठ: पुलिस अभिरक्षा में मेडिकल जांच के लिए सीएचसी ले जाई जा रही एक युवती को रास्ते में उसके परिजनों ने रोक लिया। आरोप है कि युवती के परिजन एक तांत्रिक की मदद से गाड़ी में ही उसके ऊपर झाड़-फूंक और तंत्र-मंत्र करने का प्रयास कर रहे थे। घटना के दौरान गाड़ी में मौजूद महिला पुलिसकर्मी भी दहशत में आ गई। पुलिस को सूचना मिलते ही परिजन और तांत्रिक मौके से फरार हो गए। पुलिस ने युवती को थाने लाकर मेडिकल जांच कराई और फिर आशा ज्योति केंद्र भेज दिया।
यह मामला सात जनवरी का है, जब परतापुर के एक परिवार ने थाने में पड़ोसी युवक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी कि उसने उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाने की कोशिश की थी। पुलिस ने दोनों की तलाश शुरू की थी। शुक्रवार को युवक और युवती थाने पहुंचे और मैरिज सर्टिफिकेट दिखाते हुए सुरक्षा की गुहार लगाई।
युवती को निजी कार से सीएचसी भूड़भराल ले जाया जा रहा था, तभी रास्ते में परिजनों ने कार को रोका। आरोप है कि इस दौरान एक तांत्रिक गाड़ी में बैठ गया और युवती पर तंत्र-मंत्र शुरू कर दिया। महिला पुलिसकर्मी ने इसका विरोध किया, लेकिन तांत्रिक नहीं माना। पुलिस को सूचना मिलने पर तांत्रिक और परिजन मौके से भाग गए।
सीओ ब्रहमपुरी सौम्या अस्थाना ने बताया कि युवती का मेडिकल जांच कर आशा ज्योति केंद्र भेज दिया गया है। शनिवार को युवती को न्यायालय में पेश किया जाएगा। युवती पर तंत्र-मंत्र किए जाने की घटना को लेकर युवक के परिजनों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।
Join the conversation — your email will not be published.
Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.