
मोरना (मुजफ्फरनगर)। पौराणिक तीर्थ शुकतीर्थ में आगामी 2 से 6 नवंबर तक आयोजित होने वाले गंगा स्नान मेले की तैयारियां ज़ोरों पर हैं। कार्तिक पूर्णिमा के इस पावन अवसर पर हजारों श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए मोर्चा संभाल लिया है। सोमवार को सहारनपुर मंडलायुक्त अटल कुमार राय और डीआईजी अभिषेक सिंह ने जिले के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मेला स्थल और गंगा घाट का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान डीएम उमेश मिश्रा, एसएसपी संजय कुमार वर्मा, सीडीओ कमल किशोर कंडारकर देशभूषण, एडीएम वित्त गजेन्द्र सिंह, एडीएम प्रशासन संजय कुमार, एसपी देहात आदित्य बंसल, एमडीए उपाध्यक्ष कविता मीणा, एसडीएम जानसठ राहुल देव भट्ट और सीओ देवव्रत वाजपेयी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने घाट के दोनों किनारों पर व्यवस्थाओं का बारीकी से जायज़ा लिया और जिम्मेदार अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अधिकारियों ने बताया कि इस बार मेले का आयोजन पिछले वर्षों की तुलना में अधिक सुव्यवस्थित तरीके से किया जाएगा। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए घाट और मुख्य मार्गों पर पुलिस बल की तैनाती बढ़ाई जाएगी। भीड़ नियंत्रण के लिए मुख्य मार्गों पर डेरे और अस्थायी दुकानों को लगाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। सभी डेरे केवल मेला स्थल के भीतर ही लगाए जा सकेंगे।
2 नवंबर की शाम गंगा घाट पर विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके लिए घाट की सीढ़ियों पर श्रद्धालुओं के बैठने और वीआईपी अतिथियों के लिए अलग सिटिंग एरिया की व्यवस्था की जा रही है। वहीं, सतगुरु समनदास आश्रम के सामने अलग पार्किंग स्थल बनाया गया है, जिससे श्रद्धालुओं को वाहन खड़े करने में परेशानी न हो।
मेला क्षेत्र में बिजली, पानी, शौचालय, स्वास्थ्य सेवाओं और सफाई व्यवस्था की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने मेला प्रभारी विनोद कुमार सिंह और जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी योगेश कुमार को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी की जाएं और किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो।
Join the conversation — your email will not be published.
Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.