
राजधानी जयपुर में तेज रफ्तार वाहनों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार दोपहर करीब 12:45 बजे जयंती मार्केट चौराहे के पास एक काली थार ने पहले सड़क पार कर रही एक युवती को टक्कर मारी और फिर आगे चल रहे बाइक सवार युवक को रौंद दिया। इस दर्दनाक हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि युवती गंभीर रूप से घायल हो गई।
हादसे के बाद बाइक सवार युवक थार के नीचे फंस गया। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह उसे बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। टक्कर के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने थार को कब्जे में ले लिया है और आरोपी चालक की तलाश की जा रही है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
एक्सीडेंट थाना (नॉर्थ) के हेड कॉन्स्टेबल राजेन्द्र के अनुसार, मृतक की पहचान 27 वर्षीय फैजान, निवासी खंडेला (सीकर) के रूप में हुई है। वह भट्टा बस्ती में किराए पर रहकर निजी नौकरी करता था।
वहीं, हादसे में 19 वर्षीय कुलसुम, निवासी रामगंज (जयपुर) गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसका इलाज एसएमएस अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस ने बताया कि कुलसुम कॉलेज का फॉर्म जमा कर पैदल घर लौट रही थी। उसी दौरान तेज रफ्तार थार ने उसे टक्कर मार दी। घबराए चालक से वाहन अनियंत्रित हो गया और आगे जा रहे फैजान को कुचल दिया।
जालूपुरा थाना प्रभारी हवा सिंह ने बताया कि थार वाहन मनीष कुमार, निवासी फतेहपुर (सीकर) के नाम पर किराए पर लिया गया था। हादसे के वक्त चालक जयंती मार्केट की ओर जा रहा था। घटना के बाद वह मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।
Join the conversation — your email will not be published.
Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.