
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि टाटा मोटर्स के लखनऊ प्लांट ने 34 वर्षों की यात्रा में 10 लाख वाहनों के उत्पादन का महत्वपूर्ण मील का पत्थर हासिल किया है। उन्होंने इसे केवल एक औद्योगिक उपलब्धि नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश के ग्लोबल सप्लाई हब के रूप में उभरने का संकेत बताया।
सीएम योगी बुधवार को 10 लाखवें वाहन के अनावरण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि राज्य की औद्योगिक प्रगति और निवेश अनुकूल माहौल का प्रमाण है।
मुख्यमंत्री ने टाटा समूह की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि यह समूह सुई से लेकर हवाई जहाज तक हर क्षेत्र में देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देने में अहम योगदान दे रहा है। उन्होंने कहा कि टाटा का निवेश सिर्फ व्यावसायिक विस्तार नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश के विकास के प्रति भरोसे का प्रतीक है।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश में 25 करोड़ की आबादी और 56 प्रतिशत कार्यबल होने के कारण यहां विकास की अपार संभावनाएं मौजूद हैं, जो अब जमीन पर स्पष्ट दिखाई दे रही हैं।
सीएम योगी ने कहा कि कुछ साल पहले तक राज्य में बुनियादी ढांचे की स्थिति कमजोर थी, जिससे निवेशकों में हिचकिचाहट रहती थी। उन्होंने कहा कि उस समय कनेक्टिविटी, सुरक्षा और नीतिगत स्थिरता जैसी कई चुनौतियां थीं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि आज उत्तर प्रदेश तेजी से इंफ्रास्ट्रक्चर विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
सीएम ने कहा कि 9 वर्ष पहले राज्य में केवल दो एयरपोर्ट सक्रिय थे, जबकि आज 16 एयरपोर्ट पूरी तरह से कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि हाल ही में जेवर एयरपोर्ट को देश के सबसे बड़े एयरपोर्ट के रूप में राष्ट्र को समर्पित किया गया है।
Join the conversation — your email will not be published.
Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.