
रेवाड़ी। रेवाड़ी शहर के पॉश इलाके गढ़ी बोलनी रोड पर शनिवार रात हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का काफिला करीब डेढ़ किलोमीटर तक अंधेरे में गुजरा। सुरक्षा के लिहाज से इसे गंभीर मामला माना जा रहा है, वहीं इसे जिम्मेदार अधिकारियों की बड़ी लापरवाही भी बताया जा रहा है।
काफिले के अंधेरे में गुजरने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्थानीय विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने भी मामले में कार्रवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों से जवाब मांगा है।
दरअसल, रविवार को रेवाड़ी में हाफ मैराथन का आयोजन किया गया था। इसमें मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होने के लिए शनिवार देर रात ही रेवाड़ी पहुंच गए थे। इसके बाद वह अमंगनी सोसाइटी में रात्रि भोज के लिए गए।
बताया गया कि उस दौरान राजेश पायलट चौक से अमंगनी सोसाइटी तक सड़क पर लगी स्ट्रीट लाइटें बंद थीं, जिसके चलते पूरा रास्ता अंधेरे में डूबा हुआ था। कुछ समय के लिए सीएम की सुरक्षा में तैनात अधिकारियों की भी चिंता बढ़ गई।
जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री के आने और वापस जाने के दौरान करीब डेढ़ किलोमीटर तक सड़क पर अंधेरा रहा। इसी बीच किसी व्यक्ति ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो सामने आने के बाद जिला प्रशासन की व्यवस्था पर सवाल उठाए गए और इसे मुख्यमंत्री की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला बताया गया।
जिस सड़क का वीडियो सामने आया है, वहां कई पॉश सोसाइटियों के साथ-साथ कई सेक्टर भी मौजूद हैं। कुछ स्थानों पर यहां जमीन की कीमत एक गज के लिए एक लाख रुपये तक बताई जाती है। सड़क का आधा हिस्सा नगर परिषद और आधा हिस्सा पीडब्ल्यूडी के अधीन आता है।
इस सड़क पर लगी स्ट्रीट लाइटें पिछले कई महीनों से खराब पड़ी हैं। स्थानीय लोगों ने इसकी शिकायत भी की थी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। नगर परिषद शहर में लगी स्ट्रीट लाइटों की मेंटिनेंस पर हर साल 30 लाख रुपये से अधिक खर्च करती है।
Join the conversation — your email will not be published.
Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.