
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि शासकीय दायित्वों की व्यस्त दिनचर्या के बीच कर्मचारियों और अधिकारियों के लिए खेल गतिविधियों से जुड़ना बेहद आवश्यक है। खेल न केवल जीवन में अनुशासन और ऊर्जा का संचार करते हैं, बल्कि मानसिक तनाव को कम कर शरीर को भी स्वस्थ बनाए रखते हैं। उन्होंने कहा कि अच्छा स्वास्थ्य किसी भी व्यक्ति की सबसे बड़ी संपत्ति है और इसे बनाए रखने में खेलों की भूमिका अहम होती है।
शनिवार को देहरादून के परेड ग्राउंड स्थित बहुउद्देशीय क्रीड़ा हॉल में उत्तराखंड सचिवालय बैडमिंटन क्लब की ओर से आयोजित 10वीं अन्तर्विभागीय बैडमिंटन प्रतियोगिता–2025 का मुख्यमंत्री ने शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने बैडमिंटन कोर्ट में स्वयं खेलकर प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया।
मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि यह अन्तर्विभागीय प्रतियोगिता आगे भी नियमित रूप से आयोजित होती रहेगी और इससे कर्मचारियों तथा अधिकारियों में आपसी समन्वय के साथ सकारात्मक सोच को बढ़ावा मिलेगा। प्रतियोगिता में राज्य के 42 विभागों के कर्मचारी और अधिकारी हिस्सा ले रहे हैं।
सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड विभिन्न क्षेत्रों में नई पहचान बना रहा है। राज्य निरंतर नवाचारों, जनहितकारी निर्णयों और विकासोन्मुख नीतियों के जरिए प्रगति के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने उल्लेख किया कि हाल ही में राज्य में पहली बार राष्ट्रीय खेलों का सफल आयोजन किया गया, जिससे खेल अवसंरचना और सुविधाओं का व्यापक विस्तार हुआ है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में खेलों को बढ़ावा देकर राज्य को ‘खेल भूमि’ के रूप में विकसित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य युवाओं को बेहतर प्रशिक्षण और संसाधन उपलब्ध कराना है, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें।
Join the conversation — your email will not be published.
Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.