
भारतीय क्रिकेट टीम में श्रेयस अय्यर की टी20 प्रारूप में वापसी हो गई है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने शुक्रवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली पांच मैचों की टी20 सीरीज के लिए टीम में बदलाव की घोषणा की, जिसके तहत श्रेयस अय्यर को शुरुआती तीन मुकाबलों के लिए टीम में शामिल किया गया है। वह चोट के कारण बाहर हुए तिलक वर्मा की जगह टीम का हिस्सा बने हैं।
इसके साथ ही ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर को भी टी20 टीम से बाहर कर दिया गया है। उनकी जगह लेग स्पिन गेंदबाज रवि बिश्नोई को चयनकर्ताओं ने मौका दिया है।
बीसीसीआई के अनुसार, युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा को हाल ही में पेट से जुड़ी समस्या के चलते राजकोट में सर्जरी करानी पड़ी। ऑपरेशन के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और वह फिलहाल स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। पूरी तरह फिट होने के बाद ही वह दोबारा ट्रेनिंग शुरू करेंगे, इसी कारण उन्हें शुरुआती तीन टी20 मुकाबलों के लिए उपलब्ध नहीं माना गया है।
श्रेयस अय्यर ने भारत के लिए आखिरी टी20 मुकाबला वर्ष 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला था। लंबे अंतराल के बाद उन्हें एक बार फिर टी20 टीम में जगह मिली है। मौजूदा समय में वह न्यूजीलैंड के खिलाफ चल रही वनडे सीरीज में शानदार फॉर्म में हैं और पहले मैच में उन्होंने 49 रन की तेज पारी खेलकर चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा है।
वॉशिंगटन सुंदर को पहले वनडे मैच के दौरान गेंदबाजी करते समय पसलियों के पास दर्द की शिकायत हुई थी। जांच में उनके साइड स्ट्रेन की पुष्टि हुई है, जिसके बाद डॉक्टरों ने उन्हें आराम की सलाह दी है। अब वह आगे के इलाज और रिकवरी के लिए बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिपोर्ट करेंगे। उनकी अनुपस्थिति में चयन समिति ने रवि बिश्नोई को टी20 टीम में शामिल किया है।
टी20 विश्व कप 2026 से पहले भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज खेली जाएगी। सीरीज की शुरुआत 21 जनवरी से नागपुर में होगी। इसके बाद मुकाबले 23 जनवरी को रायपुर, 25 जनवरी को गुवाहाटी, 28 जनवरी को विशाखापत्तनम और 31 जनवरी को तिरुवनंतपुरम में खेले जाएंगे।
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (पहले तीन मैच), हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल (उपकप्तान), रिंकू सिंह, जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, इशान किशन (विकेटकीपर), रवि बिश्नोई।
Join the conversation — your email will not be published.
Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.