
नई दिल्ली। दिल्ली स्थित जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) में एक प्रोफेसर के खिलाफ यौन उत्पीड़न के आरोप सामने आने के बाद परिसर में हलचल बढ़ गई है। कम से कम 10 छात्र-छात्राओं ने प्रोफेसर के खिलाफ विश्वविद्यालय की आंतरिक शिकायत समिति (आईसीसी) में शिकायत दर्ज कराई है।
करीब एक महीने पहले प्राप्त हुई शिकायतों के आधार पर समिति ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि, अभी तक इस मामले में पुलिस के पास कोई आधिकारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
सूत्रों के मुताबिक, शिकायतकर्ताओं ने प्रोफेसर पर अनुचित व्यवहार करने और यौन संबंध बनाने की कोशिश जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। आरोप है कि प्रोफेसर छात्रों को कैंपस में स्थित अपने आवास पर मुलाकात या अन्य गतिविधियों के लिए बुलाते थे। इस दौरान कथित तौर पर अनुचित व्यवहार किया जाता था। कुछ छात्रों ने कक्षा के दौरान अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणियां किए जाने का भी आरोप लगाया है।
हालिया शिकायतों के बाद कुछ पूर्व और वरिष्ठ छात्र भी सामने आए हैं। उन्होंने भी प्रोफेसर के खिलाफ कथित तौर पर इसी तरह की शिकायतें आईसीसी के सामने रखी हैं। इसके बाद जांच का दायरा और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार, पूर्व छात्रों से पूछताछ के बाद शिकायतों की संख्या में और इजाफा हो सकता है।
आईसीसी से जुड़े छात्र प्रतिनिधियों ने गोपनीयता की शपथ का हवाला देते हुए मामले पर कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है। जेएनयू की कुलपति ने भी फिलहाल इस मामले में मीडिया से बात करने से मना किया है।
वहीं, दिल्ली पुलिस के एक डीसीपी ने स्पष्ट किया कि अभी तक इस मामले में कोई आधिकारिक पुलिस शिकायत प्राप्त नहीं हुई है।
फिलहाल मामला विश्वविद्यालय की आंतरिक जांच के तहत है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से आधिकारिक बयान का इंतजार है।
Join the conversation — your email will not be published.
Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.