
आगरा। उत्तर प्रदेश में गर्मी का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। आगरा में मंगलवार को अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों का घरों से निकलना मुश्किल कर दिया है।
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए भीषण लू चलने की चेतावनी जारी की है। स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने नर्सरी से लेकर 12वीं तक के सभी स्कूलों को मंगलवार को बंद रखने का आदेश जारी किया है।
जिलाधिकारी मनीष बंसल ने लोगों से अपील की है कि दोपहर के समय विशेष सावधानी बरतें और जरूरत पड़ने पर ही घर से बाहर निकलें। उन्होंने बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को शाम 4 बजे तक घर के अंदर रहने की सलाह दी है। साथ ही पर्याप्त पानी पीने और हल्के कपड़े पहनने की हिदायत दी गई है।
भीषण गर्मी का असर जानलेवा भी साबित हुआ है। आगरा के एत्मादपुर क्षेत्र स्थित कुबेरपुर कट पर एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान कानपुर निवासी 36 वर्षीय विनोद कुमार शर्मा के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, विनोद कुमार अजमेर की एक मसाला फैक्टरी में सेल्स मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। वे सोमवार को अजमेर से कानपुर जा रहे थे। यात्रा के दौरान दोपहर करीब तीन बजे वह कुबेरपुर कट पर उतरे और आगे की बस का इंतजार करते हुए एक जगह आराम करने लगे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की। बाद में परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने पंचनामा भरकर शव उन्हें सौंप दिया।
यह घटना क्षेत्र में पड़ रही भीषण गर्मी के खतरनाक प्रभावों को उजागर करती है और लोगों को सतर्क रहने की आवश्यकता पर जोर देती है।
Join the conversation — your email will not be published.
Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.