
मुजफ्फरनगर। जिले की चारों तहसीलों में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान अधिकारियों ने आम लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को शिकायतों के निस्तारण के निर्देश दिए। खतौली तहसील में डीएम उमेश मिश्रा और एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने संयुक्त रूप से जनसुनवाई की। वहीं, सदर तहसील में एडीएम फाइनेंस अनिरुद्ध प्रताप सिंह ने अधिकारियों के साथ लोगों की शिकायतें सुनीं। समाधान दिवस का आयोजन सुबह 10 बजे से अपराह्न करीब 4 बजे तक हुआ।
खतौली तहसील सभागार में आयोजित समाधान दिवस के दौरान बिजली, शिक्षा, समाज कल्याण, राशन कार्ड, भूमि विवाद, नगर पालिका, पेंशन, सड़क और पुलिस प्रशासन से जुड़ी कुल 50 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से 5 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजते हुए निर्धारित समय में कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
डीएम उमेश मिश्रा ने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों का निस्तारण अधिकतम एक सप्ताह के भीतर गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी तरीके से किया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि कार्रवाई शिकायतकर्ता की संतुष्टि के अनुरूप हो। डीएम ने आईजीआरएस पर दर्ज शिकायतों को भी समयसीमा के भीतर निस्तारित करने के निर्देश दिए।
सरकारी भूमि पर अतिक्रमण से जुड़ी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने ऐसी भूमि को तत्काल अतिक्रमण मुक्त कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
समाधान दिवस के बाद डीएम उमेश मिश्रा और एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने मुख्य कृषक उपहार योजना के तहत प्रगतिशील किसान रवि गर्ग को पंपिंग सेट वितरित किया। इस दौरान एसडीएम डॉ. ललित कुमार मिश्रा, सीएमओ डॉ. सुनील तेवतिया, तहसीलदार अरविंद कुमार, बीडीओ दिग्विजय नाथ तिवारी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
सदर तहसील सभागार में एडीएम फाइनेंस अनिरुद्ध प्रताप सिंह, एसडीएम सदर शुभम श्रीवास्तव और सीओ सदर सुनील कुमार ने लोगों की शिकायतें सुनीं। तहसीलदार राधेश्याम गौड़ और नायब तहसीलदार अमित कुमार के साथ पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी भी मौजूद रहे।
प्रशासन की ओर से अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध तरीके से निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। साथ ही फरियादियों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगवाने को कहा गया। समाधान दिवस का उद्देश्य लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान कराना और लंबित शिकायतों के निस्तारण के लिए संबंधित विभागों की जवाबदेही तय करना रहा।
Join the conversation — your email will not be published.
Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.