
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। सदर बाजार कोतवाली क्षेत्र के नवादा रोड पर एक मजदूर की उसके ही चचेरे भाई ने कथित तौर पर लकड़ी के फट्टे से हमला कर हत्या कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को घटनास्थल के पास से गिरफ्तार कर लिया। हत्या में इस्तेमाल किया गया लकड़ी का फट्टा भी बरामद कर लिया गया है।
मृतक की पहचान जड़ौदा पांडा क्षेत्र के जयपुर गांव निवासी 40 वर्षीय सुरेंद्र के रूप में हुई है। वह पत्नी पुष्पा और बच्चों के साथ नवादा रोड स्थित एक किराये के कमरे में रहता था और पास में चल रहे सड़क निर्माण कार्य में मजदूरी करता था। पुलिस के अनुसार घटना के समय उसकी पत्नी गांव गई हुई थी, जिससे सुरेंद्र कमरे में अकेला था।
पुलिस जांच में सामने आया है कि सुरेंद्र ने अपने चचेरे भाई अनुज को करीब 50 हजार रुपये उधार दिए थे। लंबे समय से वह रकम वापस मांग रहा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच तनाव चल रहा था। पुलिस का कहना है कि घटना वाले दिन अनुज शराब के नशे में सुरेंद्र के कमरे पर पहुंचा, जहां दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
विवाद बढ़ने पर आरोपी ने पास में रखी निर्माण सामग्री में से लकड़ी का फट्टा उठाया और सुरेंद्र पर लगातार वार करने शुरू कर दिए। गंभीर चोटों के कारण सुरेंद्र ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। आसपास मौजूद लोगों ने शोर सुनकर कमरे की ओर दौड़ लगाई, लेकिन तब तक वारदात हो चुकी थी। लोगों को आता देख आरोपी वहां से भाग निकला।
स्थानीय लोगों ने डायल-112 पर घटना की जानकारी दी। सूचना के बाद सदर बाजार पुलिस मौके पर पहुंची और कुछ ही दूरी से आरोपी अनुज को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त लकड़ी का फट्टा भी अपने कब्जे में ले लिया है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी अनुज अविवाहित है और पहले सुरेंद्र के साथ ही मजदूरी करता था। मृतक अपने पीछे पत्नी पुष्पा, बेटी अंकिता और बेटे अभिषेक को छोड़ गया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
Join the conversation — your email will not be published.
Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.