
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप के हाल में कराए गए एमआरआई स्कैन ने बीते सप्ताह देश की मीडिया में खूब चर्चा बटोरी। जांच की जानकारी सार्वजनिक न होने से कयासों का दौर शुरू हो गया था। हर ओर यह सवाल उठ रहा था कि राष्ट्रपति की सेहत को लेकर आखिर क्या कारण सामने आया है और एमआरआई में क्या निष्कर्ष मिले हैं।
लंबे इंतजार के बाद व्हाइट हाउस ने इस मुद्दे पर आधिकारिक बयान जारी कर दिया है। प्रेस सेक्रेटरी कैरोलिन लेविट ने सोमवार को पुष्टि की कि राष्ट्रपति ट्रंप का एमआरआई एक नियमित और सावधानीपूर्वक स्वास्थ्य मूल्यांकन का हिस्सा था। उन्होंने बताया कि स्कैन से यह स्पष्ट हुआ है कि ट्रंप की कार्डियोवैस्कुलर स्थिति पूरी तरह स्वस्थ है।
प्रेस ब्रीफिंग में पत्रकारों से बातचीत के दौरान लेविट ने कहा कि ट्रंप की उम्र के पुरुषों के लिए इस प्रकार की स्क्रीनिंग उपयोगी मानी जाती है। उन्होंने बताया,
“राष्ट्रपति की कार्डियोवैस्कुलर इमेजिंग पूरी तरह सामान्य रही। न तो धमनियों में किसी तरह के संकुचन के संकेत मिले और न ही ब्लड फ्लो से जुड़ी कोई रुकावट। दिल और प्रमुख रक्त वाहिकाओं से संबंधित कोई असामान्यता भी नहीं पाई गई।”
उन्होंने आगे कहा कि दिल के चैम्बर सामान्य आकार में हैं और धमनियों की दीवारें स्वस्थ व चिकनी दिखाई दीं। न सूजन के संकेत मिले, न ही किसी प्रकार के क्लॉट्स। पेट का एमआरआई भी पूरी तरह सामान्य बताया गया।
राष्ट्रपति की नियमित स्वास्थ्य निगरानी के तहत समय-समय पर कई परीक्षण किए जाते हैं, लेकिन इस बार एमआरआई को लेकर शुरू से ही कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण नहीं दिया गया था। इसी वजह से मीडिया में अटकलें तेज हो गई थीं।
ट्रंप ने भी रविवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा था कि उन्हें यह तक नहीं पता कि मेडिकल टीम ने शरीर के किस हिस्से की एमआरआई की थी।
Join the conversation — your email will not be published.
Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.