
पंजाब: हिमाचल प्रदेश में लगाए जा रहे एंट्री टैक्स के विरोध में बुधवार को एक अनोखा प्रदर्शन देखने को मिला। निहंग सिंह जत्थेबंदियों ने मोड़ा टोल प्लाजा के पास हिमाचल से आने वाले वाहनों से ‘खालसा राज टैक्स’ के नाम पर स्वैच्छिक योगदान लेना शुरू किया।
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 11:15 बजे निहंग सिंह अछर सिंह के नेतृत्व में कई निहंग मौके पर पहुंचे और उन्होंने वाहनों को रोककर चालकों से सहयोग की अपील की। दोपहर तक कई वाहन चालकों ने अपनी इच्छा अनुसार 10, 20 और 50 रुपये का योगदान दिया।
निहंग सिंहों ने साफ किया कि यह पूरी प्रक्रिया पूरी तरह स्वैच्छिक है और किसी भी वाहन चालक पर किसी प्रकार का दबाव या जोर-जबरदस्ती नहीं की जा रही है। जो लोग इस पहल से सहमत हैं, वे अपनी इच्छा से योगदान दे रहे हैं, जबकि अन्य वाहनों को बिना किसी बाधा के जाने दिया जा रहा है।
निहंग सिंह अछर सिंह ने बताया कि यह कदम हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा पंजाब के वाहनों पर लगाए जा रहे एंट्री टैक्स के विरोध में उठाया गया है। उनका कहना है कि इस मुद्दे को लंबे समय से उठाया जा रहा है, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकल सका है।
उन्होंने कहा कि जब तक एंट्री टैक्स वापस नहीं लिया जाता, तब तक यह विरोध जारी रहेगा।
घटना की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राहुल शर्मा मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस के अनुसार, पूरा मामला शांतिपूर्ण रहा और किसी भी तरह की अव्यवस्था की स्थिति नहीं बनी।
प्रशासन ने बताया कि पूरे घटनाक्रम पर नजर रखी जा रही है। वहीं निहंग जत्थेबंदियों ने भी पुलिस को आश्वस्त किया कि किसी वाहन चालक के साथ कोई दुर्व्यवहार नहीं किया जा रहा है।
पूरे क्षेत्र में स्थिति सामान्य और शांतिपूर्ण बनी रही। निहंग सिंहों का कहना है कि उनका उद्देश्य किसी को परेशान करना नहीं, बल्कि एंट्री टैक्स के खिलाफ प्रतीकात्मक विरोध दर्ज कराना है।
Join the conversation — your email will not be published.
Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.