
मंडी गोबिंदगढ़। पंजाब के मंडी गोबिंदगढ़ के पास गांव तुरां में सोमवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। करीब छह साल पहले श्री गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी मामले में आरोपी रहे एक व्यक्ति की घर में घुसकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 45 वर्षीय मेवा सिंह पुत्र महेंद्र सिंह के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, हमलावर ने मेवा सिंह पर तलवार से कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव और भय का माहौल बना हुआ है।
बताया जा रहा है कि वारदात सोमवार रात करीब दो बजे हुई। उस समय मेवा सिंह अपने परिवार के साथ घर में मौजूद था। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति घर में दाखिल हुआ और अचानक तलवार से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल मेवा सिंह ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, मेवा सिंह के खिलाफ अक्टूबर 2020 में गांव तुरां स्थित गुरुद्वारा साहिब में श्री गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी के आरोप में मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में मंडी गोबिंदगढ़ थाने में विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया था।
बताया जाता है कि मेवा सिंह दो बार जमानत पर जेल से बाहर आया था। हालांकि, मामले की सुनवाई अभी चल रही थी और गवाहों के कारण उसे पूरी राहत नहीं मिली थी।
ग्रामीणों के अनुसार, मेवा सिंह गांव में सिलाई का काम करता था। घटना की सूचना मिलते ही मंडी गोबिंदगढ़ थाना प्रभारी संदीप सिंह, अमलोह के डीएसपी विक्रमजीत सिंह समेत पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार, हत्या के पीछे के कारणों और हमलावर की पहचान के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस जल्द आरोपी तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
Join the conversation — your email will not be published.
Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.