
नूंह। जिले के बिछोर थाना क्षेत्र के इंदाना गांव में वाहन चोरी और साइबर ठगी के आरोपियों की तलाश में गई सीआईए तावडू की टीम पर ग्रामीणों ने हिंसक हमला कर दिया। शनिवार को हुई इस घटना में पुलिस पर न केवल पथराव किया गया, बल्कि आरोपियों और उनके परिजनों ने अवैध हथियारों से गोलियां भी चलाईं। आत्मरक्षा में पुलिस को हवाई फायरिंग करनी पड़ी।
इस हमले में तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए, जबकि पुलिस की गाड़ियों को भी क्षति पहुंचाई गई। जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम आजाद पुत्र सूबे खां उर्फ सुब्बा को पकड़ने पहुंची थी। दबिश के दौरान आजाद ने पिस्टल से गोली चलाई, जिससे एक सिपाही बाल-बाल बच गया। इसके बाद खालिद और वसीम अकरम समेत कई अन्य आरोपियों ने भीड़ जुटाकर पुलिस को घेर लिया और जेसीबी मशीन लगाकर रास्ता रोक दिया।
करीब 20 मिनट तक दोनों ओर से फायरिंग चलती रही। हालात बिगड़ते देख अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार महिलाओं सहित 14 लोगों को गिरफ्तार किया और हथियार भी जब्त किए। बिछोर थाना प्रभारी ने बताया कि हमले में 50 से 60 लोग शामिल थे। फिलहाल गांव में तनाव का माहौल है, जिसको देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
Join the conversation — your email will not be published.
Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.