
मुजफ्फरनगर के किनौनी गांव निवासी सुभाष बालियान हत्याकांड में पुलिस ने एक नामजद आरोपी को गिरफ्तार किया है। थाना कोतवाली नगर पुलिस के अनुसार, पकड़ा गया आरोपी 40 वर्षीय बन्टी उर्फ राहुल है। पुलिस ने उसे लकड़संधा फ्लाईओवर के पास से गिरफ्तार किया। बुधवार दोपहर करीब 2 बजे एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने पुलिस लाइन सभागार में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर गिरफ्तारी की जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, मंगलवार सुबह शामली रोड पर पिन्ना गांव के पास सुभाष की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वारदात की सूचना मिलने के बाद एसएसपी ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया था। मामले के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमें गठित की गई थीं। सुभाष के परिजनों की तहरीर पर पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
शामली रोड पर गोली मारकर हत्या
किनौनी गांव निवासी करीब 50 वर्षीय सुभाष मंगलवार सुबह किसी काम से जा रहे थे। इसी दौरान शामली रोड पर पिन्ना गांव के पास बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी। गोली लगने से उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। एसएसपी ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें लगाई थीं।
प्रेम प्रसंग के चलते घर से चले गए थे युवक-युवती
एसएसपी के अनुसार, कुछ दिन पहले किनौनी गांव का एक युवक और युवती प्रेम प्रसंग के चलते घर से चले गए थे। दोनों के एक ही जाति के होने की बात बताई गई है। बाद में पुलिस ने युवती को बरामद कर लिया था, जबकि युवक के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की गई थी। इसके बाद दोनों परिवारों के बीच विवाद और रंजिश चल रही थी।
पुलिस के अनुसार रंजिश में सुभाष को बनाया निशाना
पुलिस के मुताबिक, इसी रंजिश के चलते 15 सितंबर को युवती पक्ष की ओर से युवक के पिता सुभाष की गोली मारकर हत्या की गई। परिजनों की तहरीर के आधार पर पांच लोगों को नामजद करते हुए हत्या समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच के दौरान पुलिस ने नामजद आरोपी बन्टी उर्फ राहुल को गिरफ्तार कर लिया।
एक आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
बन्टी उर्फ राहुल किनौनी गांव का रहने वाला है। पुलिस ने उसे लकड़संधा फ्लाईओवर के पास से पकड़ा। आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार, मामले में नामजद अन्य आरोपी अभी फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Join the conversation — your email will not be published.
Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.