‘बाबरी मस्जिद बनाने से कोई नहीं रोक सकता’, टीएमसी विधायक के बिगड़े बोल से बढ़ा विवाद
कोलकाता। मुर्शिदाबाद जिले में तृणमूल कांग्रेस विधायक हुमायूं कबीर के हालिया बयान ने प्रदेश की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है। कबीर ने स्थानीय सभा के दौरान कहा कि वह छह दिसंबर को मुर्शिदाबाद में बाबरी मस्जिद की नींव रखेंगे, और इस प्रयास को रोकने वालों को ‘गंभीर परिणाम’ भुगतने पड़ सकते हैं।
राज्य भाजपा द्वारा शुक्रवार को जारी एक वीडियो में कबीर कथित रूप से यह कहते सुने गए कि “बाबरी मस्जिद निर्माण में बाधा डालने वाले किसी भी व्यक्ति को इसका सामना करना पड़ेगा।” उन्होंने जनसंख्या संबंधी आंकड़ों का हवाला देते हुए दावा किया कि “हम अभी 37 प्रतिशत हैं और मस्जिद बनने तक यह संख्या 40 प्रतिशत तक पहुंच जाएगी।”
विधायक ने चेतावनी भरे लहज़े में कहा कि यदि उनके समर्थकों पर हमला हुआ तो “हमारे 100 लोगों के शहीद होने पर उनके 500 लोग शहीद होंगे।” उन्होंने यह भी कहा कि मुर्शिदाबाद में मुसलमानों की आबादी 70 प्रतिशत है, इसलिए विरोध करने वालों को इसके परिणाम पर विचार करना चाहिए।
कबीर ने भाजपा नेता उमा भारती के पुराने बयान पर भी निशाना साधा। उमा भारती ने कहा था कि बाबरी मस्जिद बनने पर वह “एक-एक ईंट उखाड़ देंगी।” इसका जवाब देते हुए कबीर ने कहा, “यह अयोध्या नहीं, मुर्शिदाबाद है।”
इस बयान के बाद भाजपा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। भाजपा के वरिष्ठ नेता राहुल सिन्हा ने आरोप लगाया कि कबीर “बाबर की विचारधारा से प्रेरित” बातें कर रहे हैं। वहीं, पार्टी नेता रूपा गांगुली ने कहा कि यह बयान बंगाल की तुष्टीकरण की राजनीति का चिंताजनक उदाहरण है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.