
नई दिल्ली। घरेलू शेयर बाजार में शुक्रवार को दबाव देखने को मिला और प्रमुख सूचकांक गिरावट के साथ बंद हुए। सेंसेक्स 607.08 अंक यानी 0.78 प्रतिशत टूटकर 76,802.90 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 154.90 अंक या 0.64 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 24,013.10 के स्तर पर आ गया।
बाजार में सबसे ज्यादा दबाव आईटी सेक्टर के शेयरों पर रहा, जिसके चलते निफ्टी आईटी इंडेक्स 3.65 प्रतिशत की गिरावट के साथ दिन का सबसे बड़ा लूजर बन गया। इसके अलावा निफ्टी ऑयल एंड गैस, रियल्टी, सर्विसेज, पीएसयू बैंक, ऑटो, फाइनेंशियल सर्विसेज, प्राइवेट बैंक, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स और कमोडिटी इंडेक्स भी लाल निशान में बंद हुए।
हालांकि कुछ सेक्टर्स ने मजबूती दिखाई। निफ्टी हेल्थकेयर, फार्मा, इंडिया डिफेंस, एनर्जी, इंफ्रा, मीडिया, मेटल और कंजप्शन इंडेक्स में हल्की बढ़त दर्ज की गई।
लार्जकैप शेयरों की तुलना में मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स बेहतर प्रदर्शन करते नजर आए। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 138.05 अंक या 0.22 प्रतिशत बढ़कर 62,517.30 पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 78.85 अंक या 0.42 प्रतिशत की बढ़त के साथ 18,784.45 पर बंद हुआ।
सेंसेक्स पैक में भारती एयरटेल, पावर ग्रिड, एनटीपीसी, टाइटन, आईटीसी, सन फार्मा, एलएंडटी, बजाज फिनसर्व, आईसीआईसीआई बैंक और पावर सेक्टर के कुछ शेयरों में तेजी देखने को मिली। वहीं आईटी कंपनियां जैसे इंफोसिस, टीसीएस, एचसीएल टेक, टेक महिंद्रा के साथ एचडीएफसी बैंक, मारुति, टाटा स्टील और कोटक महिंद्रा बैंक में गिरावट दर्ज की गई।
विश्लेषकों के अनुसार, डेली चार्ट पर बनी छोटी हरी कैंडल और नीचे की शैडो यह संकेत देती है कि बाजार में ऊपरी स्तरों से हल्का करेक्शन हुआ है। 24,150 का स्तर एक अहम रेजिस्टेंस बना हुआ है, जबकि 23,800 पर मजबूत सपोर्ट देखा जा रहा है।
एक्सपर्ट्स का मानना है कि मौजूदा गिरावट से शॉर्ट टर्म अपट्रेंड पर बड़ा असर नहीं पड़ा है और आने वाले समय में निफ्टी फिर से 24,150 के स्तर को पार करने की कोशिश कर सकता है।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के रिसर्च एनालिस्ट दिलीप परमार के मुताबिक, एशियाई करेंसी के मुकाबले रुपया बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। विदेशी निवेश प्रवाह में सुधार और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से रुपये को सपोर्ट मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि डॉलर फ्लो बढ़ने की स्थिति में रुपया 94 के स्तर की ओर बढ़ सकता है। फिलहाल USDINR स्पॉट 94.90 के रेजिस्टेंस और 94.10 के सपोर्ट के बीच सीमित दायरे में कारोबार कर रहा है।
Join the conversation — your email will not be published.
Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.