जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ NIA की बड़ी कार्रवाई, कई ठिकानों पर छापेमारी
जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ जांच एजेंसियों की कार्रवाई शनिवार को भी जारी रही। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने कश्मीर के कुलगाम, बांदीपोरा और बारामुला जिले के सोपोर इलाके में कई आवासीय परिसरों की तलाशी ली। यह कार्रवाई सीमा पार आतंकवाद से जुड़ी साजिश के मामले की चल रही जांच के तहत की गई।
सोपोर में दो ठिकानों पर तलाशी
सोपोर में NIA की टीम ने पुलिस स्टेशन सोपोर के तहत आने वाले गुंड ब्राठ इलाके में गुलाम मोहम्मद तंतरी के आवास की तलाशी ली। इसके अलावा अरामपोरा के तेलियां मोहल्ला निवासी शबनम के गौसिया आबाद स्थित घर पर भी तलाशी अभियान चलाया गया।
अधिकारियों के अनुसार, कुलगाम और बांदीपोरा में भी कई आवासीय परिसरों की तलाशी ली गई। इस कार्रवाई में NIA की टीमों को स्थानीय पुलिस और CRPF जवानों का सहयोग मिला। मामले में आगे की जानकारी का इंतजार है।
पूंछ और उधमपुर में भी तलाशी अभियान
इसी बीच राज्य जांच एजेंसी (SIA) ने जम्मू संभाग के पूंछ और उधमपुर जिलों में तीन स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया। SIA की टीमें पूंछ के मंडी और सुरनकोट तथा उधमपुर के रामनगर इलाके में पहुंचीं।
मंडी के चीला डांगरी इलाके में मुन्नबर हुसैन के आवासीय परिसर की भी तलाशी ली गई। यह कार्रवाई किस मामले के तहत की गई, इस बारे में अधिकारियों की ओर से अभी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
आतंकी नेटवर्क मामले में हाफिज सईद के खिलाफ फिर वारंट
आतंकवाद से जुड़े एक अन्य मामले में NIA ने जम्मू की विशेष अदालत को बताया कि लश्कर-ए-ताइबा का संस्थापक और भारत का मोस्ट वांटेड आतंकवादी हाफिज सईद पाकिस्तान में मौजूद है। एजेंसी की याचिका पर अदालत ने उसके खिलाफ दो महीने में दूसरी बार गैर-जमानती वारंट जारी किया है।
NIA के अनुसार, जांच में सामने आया कि सईद कश्मीर घाटी में सक्रिय आतंकी संगठनों को हथियार, धन और निर्देश उपलब्ध करा रहा है। यह मामला श्रीनगर के पांदाच इलाके में मोहम्मद नकीब भट की गिरफ्तारी के बाद सामने आए आतंकी नेटवर्क से जुड़ा है। भट के पास से चीन निर्मित ग्रेनेड और 15 जिंदा कारतूस बरामद किए गए थे।
जांच आगे बढ़ने के बाद लश्कर और उसके सहयोगी संगठन द रेजिस्टेंस फ्रंट से जुड़े कई आतंकियों तथा दो पाकिस्तानी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया था। इससे पहले जुलाई में भी अदालत हाफिज सईद के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी कर चुकी है।
अवंतीपोरा में 1.8 क्विंटल केसर के कंद जब्त
आतंकवाद और नशा तस्करी के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच अवंतीपोरा में पुलिस ने कश्मीर से बाहर भेजी जा रही करीब 1.8 क्विंटल केसर के कंद की खेप जब्त की। पुलिस ने इसे बाहर भेजने की कोशिश को नाकाम कर दिया है। मामले की आगे जांच की जा रही है।
अनंतनाग में 20 जगहों पर नार्को सर्च ऑपरेशन
अनंतनाग पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ भी अभियान चलाया। शनिवार को वाघामा इलाके में करीब 20 स्थानों पर नार्को कॉर्डन एंड सर्च ऑपरेशन चलाया गया। पुलिस के अनुसार, वाघामा को जिले में नशे के कारोबार के हॉटस्पॉट के तौर पर चिन्हित किया गया है।
अभियान के दौरान 13 संदिग्ध नार्को तस्करों को पूछताछ के लिए पकड़ा गया। पुलिस के मुताबिक, इस कार्रवाई का मकसद स्थानीय नशा नेटवर्क की पहचान कर उसे खत्म करना और नशीले पदार्थों की सप्लाई चेन को जड़ से तोड़ना है।
ड्रग नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई जारी
अनंतनाग पुलिस ने कहा कि नशा तस्करी के खिलाफ खुफिया जानकारी के आधार पर अभियान आगे भी जारी रहेगा। इससे पहले NCB जम्मू ने जम्मू-कश्मीर में हेरोइन तस्करी के दो मार्गों का खुलासा करते हुए अलग-अलग कार्रवाइयों में कुल 6.920 किलोग्राम हेरोइन जब्त की थी। इन कार्रवाइयों में जम्मू-सांबा क्षेत्र और पंजाब से जुड़े सप्लाई नेटवर्क का भी पता चला था।
पुलिस और जांच एजेंसियों की ताजा कार्रवाई से आतंकवाद और नशे के नेटवर्क के खिलाफ सुरक्षा एजेंसियों की निगरानी और सख्ती बढ़ने के संकेत मिले हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.