
करेलीबड़ी। लक्ष्मी पूजा की रात एक नवविवाहिता की मौत से गांव में हड़कंप मच गया। ग्राम हरदी निवासी हितेश यादव (22) ने अपनी पत्नी लक्ष्मी यादव (20) की गला घोंटकर हत्या की और खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी अगले दिन सुबह स्वजनों को तब मिली, जब दोनों ने कमरे का दरवाजा नहीं खोला।
20 अक्टूबर की रात पूजा-अर्चना के बाद हितेश और लक्ष्मी अपने कमरे में सो गए। अगले दिन सुबह करीब सात बजे मृतिका के जेठ गितेश्वर यादव ने आवाज दी, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर खिड़की से देखा। लक्ष्मी यादव जमीन पर मृत पड़ी थीं और हितेश यादव फांसी के फंदे पर झूल रहे थे।
स्वजनों ने दरवाजा तोड़कर दोनों को देखा और पुलिस को सूचना दी। पुलिस और एफएसएल टीम ने मौके पर मर्ग कायम कर जांच शुरू की। प्राथमिक रिपोर्ट के अनुसार, लक्ष्मी यादव की मौत गमछा से गला घोंटने से हुई थी, जबकि हितेश यादव की मौत फांसी लगाकर आत्महत्या से।
हत्या के बाद हितेश ने अपने मोबाइल पर स्टेटस डालकर लिखा कि “मैंने अपनी पत्नी लक्ष्मी यादव को उसकी मां-बाप की वजह से मार दिया और खुद फांसी लगाई।”
हितेश और लक्ष्मी का विवाह करीब एक साल पहले हुआ था। मृतिका का मायका ग्राम मोहंदी है और विवाह के बाद दोनों ससुराल ग्राम हरदी में रह रहे थे। घटना से गांव में शोक का माहौल है।
पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद स्वजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया है और आगे की जांच जारी है।
Join the conversation — your email will not be published.
Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.