
मुजफ्फरनगर के चरथावल क्षेत्र स्थित दधेडू खुर्द गांव में सरकारी राशन का वितरण नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी है। गुरुवार अपराह्न करीब 4 बजे ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर जल्द राशन उपलब्ध कराने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में नया राशन कोटा आवंटित हो चुका है, इसके बावजूद अक्टूबर माह का राशन नहीं मिल पा रहा है। इस दौरान ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान और नए राशन डीलर के सामने अपनी नाराजगी जाहिर की।
बताया गया कि करीब एक साल पहले दधेडू खुर्द की तत्कालीन राशन डीलर ममता का कोटा विभिन्न शिकायतों और अनियमितताओं के चलते निरस्त कर दिया गया था। इसके बाद गांव की राशन दुकान और कोटा दधेडू कलां की राशन डीलर खतीजन से संबद्ध कर दिया गया। तब से इसी व्यवस्था के तहत गांव में राशन का वितरण किया जा रहा था।
नया कोटा आवंटित होने के बाद भी वितरण शुरू नहीं
हाल ही में दधेडू खुर्द में राशन की नई दुकान का आवंटन गुलिस्ता पत्नी नौमान के नाम किया गया। ग्रामीणों को उम्मीद थी कि नया कोटा मिलने के बाद राशन वितरण की व्यवस्था सामान्य हो जाएगी। बताया गया कि 18 अक्टूबर को आवंटन आदेश मिलने के बाद गुलिस्ता ने दुकान संभालने की तैयारी शुरू कर दी।
नए राशन डीलर का आरोप है कि जिस डीलर खतीजन से पहले गांव का कोटा संबद्ध था, उनकी ओर से राशन वितरण के लिए जरूरी सामान अब तक नहीं सौंपा गया है। इसमें माप-तौल के उपकरण, फिंगरप्रिंट लेने वाली मशीन और अन्य आवश्यक सामग्री शामिल है। अक्टूबर माह के लिए उठाए गए राशन की सुपुर्दगी को लेकर भी विवाद बना हुआ है।
मशीन और रिकॉर्ड की सुपुर्दगी नहीं होने से रुका राशन
नए राशन डीलर के अनुसार, जब तक पूर्व संबद्ध डीलर से दुकान का सामान, मशीन, रिकॉर्ड और राशन की विधिवत सुपुर्दगी नहीं हो जाती, तब तक राशन वितरण शुरू करना मुश्किल है। उनका कहना है कि जरूरी मशीन और माप-तौल के उपकरण के बिना सरकारी राशन का वितरण नहीं किया जा सकता।
राशन नहीं मिलने पर ग्रामीण ग्राम प्रधान और नए राशन डीलर के पास पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शन कर मांग की कि राशन वितरण को लेकर स्थिति जल्द स्पष्ट की जाए, ताकि पात्र परिवारों को उनके हिस्से का सरकारी राशन मिल सके।
एसडीएम ने सप्लाई इंस्पेक्टर को दिए कार्रवाई के निर्देश
ग्रामीणों की समस्या की जानकारी अधिकारियों तक पहुंचाई गई। मामले में एसडीएम सदर शुभम श्रीवास्तव ने सप्लाई इंस्पेक्टर को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। अब विभागीय स्तर पर राशन की दुकान के सामान, मशीन, रिकॉर्ड और अक्टूबर माह में उठाए गए राशन की सुपुर्दगी की स्थिति की जांच की जाएगी। इसके बाद ग्रामीणों को राशन वितरण शुरू कराने की कार्रवाई होगी।
इस दौरान नए राशन डीलर के यहां ग्राम प्रधान के साथ गांव के कई मुवज्जिज लोग और समाजसेवी आलमगीर भी मौजूद रहे। ग्रामीणों ने प्रधान और समाजसेवियों से मामले में हस्तक्षेप करते हुए पात्र परिवारों को जल्द राशन दिलाने की अपील की।
Join the conversation — your email will not be published.
Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.