
मुजफ्फरनगर। दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन में शामिल होने के लिए रवाना होने से पहले ही मुजफ्फरनगर में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस नेताओं को पुलिस ने उनके घरों पर रोक दिया। मंगलवार रात से ही कई नेताओं को एहतियातन हाउस अरेस्ट कर लिया गया।
हाउस अरेस्ट किए गए नेताओं में सपा जिलाध्यक्ष जिया चौधरी और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुबोध शर्मा समेत कई अन्य नेता शामिल हैं।
सपा और कांग्रेस के नेता बुधवार सुबह दिल्ली में प्रस्तावित प्रदर्शन में शामिल होने के लिए रवाना होने वाले थे। इससे पहले ही पुलिस प्रशासन ने मंगलवार देर रात से संबंधित नेताओं के आवासों पर पुलिस बल तैनात कर दिया।
सुबह जब नेताओं ने घर से बाहर निकलने का प्रयास किया तो पुलिस ने उन्हें रोक दिया और दिल्ली जाने की अनुमति नहीं दी।
हाउस अरेस्ट किए जाने के बाद नेताओं ने पुलिस कार्रवाई पर नाराजगी जाहिर की। उनका कहना है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन में शामिल होना उनका संवैधानिक और लोकतांत्रिक अधिकार है।
नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार विरोध की आवाज को दबाने के लिए पुलिस का इस्तेमाल कर रही है।
वहीं, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दिल्ली में प्रस्तावित कार्यक्रम और कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए यह कदम एहतियात के तौर पर उठाया गया है।
प्रशासन के अनुसार, किसी भी अप्रिय स्थिति को रोकने और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्रवाई की गई है।
Join the conversation — your email will not be published.
Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.