
मुजफ्फरनगर में सोशल मीडिया पर वायरल होने की चाहत लोगों के लिए खतरा बनती जा रही है। एक बार फिर खतरनाक स्टंटबाजी का वीडियो सामने आया है, जिसमें एक युवक चलती महिंद्रा थार पर जान जोखिम में डालकर स्टंट करता दिखाई दे रहा है।
वायरल वीडियो में युवक कभी थार की छत पर लेटा नजर आ रहा है तो कभी कार की खिड़की से बाहर लटककर करतब करता दिख रहा है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह वीडियो नेशनल हाईवे-58 का बताया जा रहा है। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि तेज रफ्तार से चल रही थार की छत पर एक युवक बेखौफ होकर लेटा हुआ है।
इसके कुछ ही समय बाद वह युवक कार की खिड़की से अपना आधा शरीर बाहर निकालकर खतरनाक स्टंट करता नजर आता है। इस दौरान हाईवे पर अन्य वाहन भी चल रहे हैं, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई थी।
मुजफ्फरनगर में इस तरह का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी बाइक, कार और अन्य वाहनों से स्टंट करने के कई वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आ चुके हैं।
इंस्टाग्राम रील बनाने के लिए वाहन चलाते समय खतरनाक करतब दिखाना कुछ लोगों के लिए ट्रेंड बनता जा रहा है। कभी बाइक तो कभी स्कूटी और कार से स्टंट करते हुए वीडियो बनाने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं।
मुजफ्फरनगर में सामने आए इस थार स्टंट वीडियो को इंस्टाग्राम पर मोहित शर्मा नाम की आईडी से अपलोड किया गया है।
पुलिस पहले भी ऐसे मामलों में चालान, वाहन सीज करने और मुकदमा दर्ज करने जैसी कार्रवाई कर चुकी है। इसके बावजूद कुछ लोग सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए नियमों की अनदेखी कर अपनी और दूसरों की सुरक्षा को खतरे में डाल रहे हैं।
Join the conversation — your email will not be published.
Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.