
मुजफ्फरनगर। फर्जी ई-वे बिलों के ज़रिए दो करोड़ रुपये से अधिक की जीएसटी चोरी का मामला सामने आया है। राज्यकर अधिकारी की शिकायत पर शहर कोतवाली पुलिस ने आरोपी व्यापारी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
राज्यकर अधिकारी संजय पंवार के अनुसार, आरोपी ने “स्काई ग्रीन रिसाइक्लिंग” नाम की कंपनी खोलकर माल की खरीद-बिक्री किए बिना फर्जी ई-वे बिल तैयार किए और दो करोड़ रुपये से अधिक का जीएसटी बचाने का प्रयास किया। यह कंपनी 13 फरवरी 2022 को स्क्रैप खरीद-बिक्री के लिए पंजीकृत की गई थी।
शुरुआती जांच में पता चला कि पिछले दो वर्षों में वास्तविक व्यापार के बिना ही फर्जी बिलों के माध्यम से लेनदेन दिखाया गया। फर्म के दिये गए पते पर जाकर जांच की गई तो वहां कोई कारोबार नहीं मिला। जब मोबाइल नंबर पर संपर्क किया गया, तो फर्म मालिक मो. चांद, निवासी मल्हूपुरा, ने बताया कि वह वर्तमान में बंगलूरू में हैं।
जाँच के दौरान यह भी सामने आया कि वर्ष 2022-23 में 13.36 लाख रुपये और 2023-24 में 1.72 करोड़ रुपये से अधिक का कर चोरी का प्रयास किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आगे की कार्रवाई जारी है।
Join the conversation — your email will not be published.
Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.