
मुजफ्फरनगर। वाहन चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत नई मंडी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एनएच-58 स्थित कुकड़ी ग्राउंड के खंडहर में मुठभेड़ के बाद दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान हुई जवाबी फायरिंग में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें मौके से दबोच लिया गया।
पुलिस को खुफिया सूचना मिली थी कि दो संदिग्ध युवक चोरी की कई मोटरसाइकिलें एकत्र कर उन्हें बेचने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल इलाके की घेराबंदी कर कार्रवाई शुरू की।

पुलिस के पहुंचते ही दोनों बदमाशों ने खुद को घिरा देखकर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों आरोपी घायल हो गए और उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार बदमाशों की पहचान सिखेड़ा थाना क्षेत्र के मिर्जा टीला निवासी मोनू कुमार और उत्तराखंड के लक्सर निवासी मुराद अली के रूप में हुई है।
पुलिस ने उनके कब्जे से 6 चोरी की मोटरसाइकिलें, 2 अवैध तमंचे, जिंदा और खोखा कारतूस तथा 3 मास्टर चाबियां बरामद की हैं। बताया जा रहा है कि ये मास्टर चाबियां ही वाहन चोरी की वारदातों में इस्तेमाल की जाती थीं।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे मेरठ, बिजनौर और मुजफ्फरनगर के भीड़भाड़ वाले इलाकों से वाहन चोरी कर उन्हें अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखते थे और बाद में बेच देते थे।
घायल बदमाशों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अब उनके आपराधिक रिकॉर्ड और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जांच में जुटी हुई है।
Join the conversation — your email will not be published.
Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.