
मुजफ्फरनगर। जनपद में नाबालिग के साथ कथित दुष्कर्म के मामले ने तूल पकड़ लिया है। पीड़ित परिवार बुधवार दोपहर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्यालय पहुंचा और न्याय की मांग की। परिवार का आरोप है कि उनकी नाबालिग बेटी को सुनियोजित तरीके से बहला-फुसलाकर ले जाया गया और उसके साथ गंभीर वारदात की गई, लेकिन शिकायत के बावजूद स्थानीय पुलिस ने अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं की है।
परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि शिकायत के बाद से आरोपी पक्ष की ओर से लगातार धमकियां मिल रही हैं, जिससे पूरा परिवार भय के माहौल में जी रहा है।

पीड़िता की बहन के अनुसार, 29 जून को आरोपी शाहरुख उर्फ सोनू की बुआ और भाभी ने उसकी बहन को किसी बहाने से अपने साथ ले लिया। आरोप है कि पहले उसे एक स्थान पर ले जाया गया और फिर बुढ़ाना ले जाकर उसे नशीला पदार्थ मिला हुआ कोल्ड ड्रिंक पिलाया गया।
परिजनों का दावा है कि इसके बाद पीड़िता बेहोशी की हालत में आ गई और इसी दौरान आरोपी शाहरुख उर्फ सोनू ने उसके साथ दुष्कर्म किया।
परिजनों के मुताबिक, होश में आने के बाद किसी तरह पीड़िता वहां से बचकर घर पहुंची और पूरी घटना परिवार को बताई। इसके बाद परिजनों ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन कार्रवाई न होने का आरोप लगाया गया है।

परिवार का कहना है कि शिकायत के बाद से आरोपी पक्ष की ओर से जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं, जिससे वे बेहद डरे हुए हैं।
इसी सिलसिले में पीड़ित परिवार ने एसएसपी संजय कुमार वर्मा से मुलाकात कर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही परिवार ने सुरक्षा उपलब्ध कराने की भी अपील की है।
Join the conversation — your email will not be published.
Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.