
उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के खुर्जा नगर कोतवाली क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक नाबालिग युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, पिता से मामूली कहासुनी के बाद युवक ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी।
यह घटना खुर्जा नगर के न्यू शिवपुरी (आरा मशीन वाली गली) क्षेत्र की बताई जा रही है। मृतक की पहचान लक्की नाम के नाबालिग के रूप में हुई है। बताया गया कि देर शाम उसका अपने पिता से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद वह तनाव में आ गया।
विवाद के कुछ समय बाद ही लक्की ने घर के अंदर फांसी लगा ली। परिजनों ने तुरंत उसे नीचे उतारकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन सूरजमल जटिया अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है ताकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सके।
इस दुखद घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजन गहरे सदमे में हैं और उनका रो-रोकर बुरा हाल है।
Join the conversation — your email will not be published.
Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.