
हरियाणा के अंबाला में बड़ी आपराधिक साजिश को समय रहते नाकाम करते हुए एसटीएफ ने कुख्यात गैंगस्टर रोहित गोदारा के दो शार्प शूटरों को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे और नेशनल हाईवे-44 के पास शास्त्री कॉलोनी इलाके में निर्देशों का इंतजार कर रहे थे।
पुलिस ने मौके से एक देशी पिस्टल (विदेशी मार्का), दो मैगजीन और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आगरा निवासी भूपेंद्र सिंह उर्फ थापा और राजस्थान के भरतपुर निवासी नितिन उर्फ जट्टा के रूप में हुई है।
दोनों को मंगलवार को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इनके निशाने पर कौन था और इन्हें अंबाला में किसने मदद व सूचना उपलब्ध कराई।
पूछताछ में सामने आया है कि दोनों शूटरों को कुख्यात गैंगस्टर रोहित गोदारा और उसके नेटवर्क से जुड़े कानेर निवासी जेपी, जयपुर निवासी देवेंद्र और वीरेंद्र चारण ने हथियार देकर अंबाला भेजा था।
आरोपियों ने बताया कि उन्हें निर्देश दिया गया था कि अंबाला पहुंचने के बाद उनके टारगेट के बारे में जानकारी दी जाएगी। शुरुआती जांच में यह मामला एक संभावित “टारगेट किलिंग” प्लान से जुड़ा माना जा रहा है।
एसटीएफ की त्वरित कार्रवाई से अंबाला और आसपास के क्षेत्र में संभावित बड़ी वारदात को समय रहते रोक लिया गया। पुलिस का कहना है कि यह गिरफ्तारी संगठित अपराध नेटवर्क के लिए एक बड़ा झटका है।
पड़ाव थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संगठित अपराध से जुड़ी धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब पुलिस इस पूरे नेटवर्क और इसके स्थानीय संपर्कों की गहराई से जांच कर रही है।
Join the conversation — your email will not be published.
Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.