
नई दिल्ली। क्विक कॉमर्स सेक्टर में अपनी सेवाओं का विस्तार करते हुए Swiggy Instamart ने हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) के साथ साझेदारी की है। इस साझेदारी के तहत ग्राहकों को अब ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए LPG सिलिंडर की ऑन-डिमांड डिलीवरी की सुविधा मिलेगी। यह भारत में क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर शुरू की गई पहली ऐसी सर्विस बताई जा रही है।
इस नई पहल के तहत Instamart पर HPCL का नया 'HP Navya' 10 किलो कम्पोजिट LPG सिलिंडर उपलब्ध कराया जाएगा। कंपनी के मुताबिक यह सिलिंडर खासतौर पर आधुनिक घरों की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
यह सुविधा सबसे पहले बेंगलुरु में शुरू की जाएगी। ग्राहक Swiggy Instamart के माध्यम से HP Navya सिलिंडर ऑर्डर कर सकेंगे। यह कम्पोजिट सिलिंडर सामान्य सिलिंडर की तुलना में हल्का है और इसमें जंग लगने की समस्या भी नहीं होती।
HP Navya की ट्रांसपेरेंट बॉडी इसकी खासियत है, जिससे ग्राहक आसानी से गैस का स्तर देख सकते हैं। इसका छोटा और सुविधाजनक डिजाइन छोटे परिवारों, अपार्टमेंट में रहने वाले लोगों, छात्रों और कामकाजी लोगों के लिए उपयोगी साबित हो सकता है।
इसके अलावा Instamart पर HPCL का 5 किलो मेटल LPG सिलिंडर भी उपलब्ध कराया जाएगा।
इस सर्विस की सबसे बड़ी खासियत यह है कि सिलिंडर ऑर्डर करने के लिए ग्राहकों के पास पहले से घरेलू LPG कनेक्शन होना अनिवार्य नहीं होगा। पहली बार की खरीद को नए सिलिंडर की खरीद माना जाएगा, जबकि इसके बाद के ऑर्डर रीफिल के रूप में किए जा सकेंगे।
रीफिल के समय ग्राहक को डिलीवरी के दौरान खाली HPCL सिलिंडर वापस करना होगा।
Swiggy Instamart के CEO अमितेश झा ने कहा कि कंपनी ने रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने के लिए अपनी सेवाओं का दायरा किराने के सामान से आगे बढ़ाया है। HPCL के साथ साझेदारी के जरिए अब घर की जरूरी सुविधा LPG को भी क्विक डिलीवरी नेटवर्क से जोड़ा जा रहा है।
उन्होंने कहा कि कंपनी ग्राहकों को सुविधा देने के साथ-साथ सुरक्षा और भरोसे के मानकों को बनाए रखने पर भी ध्यान दे रही है।
Join the conversation — your email will not be published.
Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.