
गांदरबल। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने रविवार को बालटाल बेस कैंप पहुंचकर आगामी अमरनाथ यात्रा की तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, आधारभूत सुविधाओं और विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की और संबंधित विभागों को सभी तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
एलजी मनोज सिन्हा ने कहा कि प्रशासन का लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि हर श्रद्धालु को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा अनुभव मिले, जिससे यह पवित्र यात्रा सभी के लिए यादगार बन सके।
बैठक के दौरान सफाई व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाएं, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, पेयजल, बिजली आपूर्ति, आपदा प्रबंधन और रजिस्ट्रेशन जैसी व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने यात्रा मार्ग पर तैयारियों की वर्तमान स्थिति की जानकारी भी प्रस्तुत की।
एलजी ने पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को उच्च सतर्कता बनाए रखने और आपसी समन्वय को मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने यात्रियों की सुविधा के लिए ऑन-द-स्पॉट रजिस्ट्रेशन काउंटर बढ़ाने पर भी जोर दिया।
बैठक में जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने अमरनाथ यात्रा की तैयारियों और सुरक्षा रणनीति को लेकर विस्तृत प्रस्तुति दी। अधिकारियों ने बताया कि यात्रा को सुरक्षित और सुचारू बनाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
Join the conversation — your email will not be published.
Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.