
मुंबई। संगीत जगत की महान गायिका आशा भोसले का 12 अप्रैल को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। वह 92 वर्ष की थीं। उनके निधन के बाद पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई और बीते दिन उन्हें राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। अंतिम यात्रा के दौरान परिवार, प्रशंसकों और शुभचिंतकों की आंखें नम नजर आईं।
आशा भोसले की पोती जनाई भोसले इस कठिन समय में पूरी तरह टूट गई हैं। अंतिम संस्कार के दौरान वे लगातार भावुक नजर आईं और उन्हें संभालना मुश्किल हो रहा था। दादी के अंतिम सफर के बाद जनाई ने देर रात सोशल मीडिया पर अपने दिल की भावनाएं साझा कीं।
जनाई ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक तस्वीर साझा करते हुए उन सभी लोगों का आभार व्यक्त किया जिन्होंने आशा भोसले को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने लिखा कि दादी को मिले सम्मान और प्रेम को देखकर उनका दिल भर आया है।
उन्होंने अपने संदेश में कहा कि आशा भोसले ऐसे सम्मान की पूरी तरह हकदार थीं और उन्हें विश्वास है कि उनका यह स्नेह और सम्मान हमेशा याद रखा जाएगा।
जनाई ने दादी के साथ अपनी एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा, “अलविदा माय लव, मेरी जिंदगी का प्यार”। यह पोस्ट उनके गहरे भावनात्मक जुड़ाव को दर्शाता है।
जनाई भोसले ने अपने करियर में दादी के नक्शे कदम पर चलते हुए संगीत की दुनिया में कदम रखा है। उनका गाना ‘केहंदी है’ पहले ही लोकप्रिय हो चुका है। आशा भोसले ने भी कई मौकों पर अपनी पोती की सराहना की थी। अब जनाई अभिनय की दुनिया में भी कदम रखने जा रही हैं और वह फिल्म ‘द प्राइड ऑफ भारत – छत्रपति शिवाजी महाराज’ से बॉलीवुड डेब्यू करेंगी।
एक इंटरव्यू में जनाई ने बताया था कि उनका दादी के साथ बेहद खास और भावनात्मक रिश्ता था। वे अक्सर उनके साथ समय बिताती थीं और उनके बिना खुद को अधूरा महसूस करती थीं।
दादी के जाने का डर, जिसे वे पहले अक्सर व्यक्त करती थीं, अब हकीकत बन चुका है और यह समय उनके लिए बेहद कठिन है।
Join the conversation — your email will not be published.
Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.