
कासगंज। सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव पवसरा में शनिवार को एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। युवक का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिला। घटना के बाद परिजनों ने उसकी पत्नी पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है, जबकि मृतक के बेटे के बयान ने मामले को और पेचीदा बना दिया है।
गांव पवसरा निवासी राहुल (पुत्र विजेंद्र सिंह) का शव शनिवार को उसके घर में फंदे पर लटका हुआ पाया गया। वह एक निजी कैंटीन में काम करता था। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई।
मृतक के परिजनों का कहना है कि राहुल की शादी वर्ष 2018 में हुई थी। उनका आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही उसकी पत्नी का किसी अन्य व्यक्ति से संबंध हो गया था, जिसके चलते पारिवारिक विवाद लगातार बढ़ता रहा।
परिजनों ने आशंका जताई है कि इसी विवाद के चलते राहुल की हत्या की गई है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
इस मामले में मृतक के बेटे कार्तिक के बयान ने पुलिस जांच को नई दिशा दी है। कार्तिक ने आरोप लगाया है कि उसकी मां ने कुछ लोगों को घर बुलाया था।
उसके अनुसार, उन लोगों ने उसके पिता को पहले बेहोशी का इंजेक्शन दिया, फिर गर्म तार से प्रताड़ित किया और बाद में फंदे पर लटका दिया।
पुलिस ने बच्चे के बयान को भी जांच का हिस्सा बनाया है और सभी एंगल से मामले की पड़ताल की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
Join the conversation — your email will not be published.
Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.